इंदौर लोकायुक्त की टीम ने इंदौर पुलिस के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) में ड्राइवर पद पर पदस्थ हेड कांस्टेबल फिरोज खान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त की विशेष टीमों ने आरोपी कांस्टेबल के इंदौर, देवास और उज्जैन स्थित कुल 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई कर करीब 6 करोड़ रुपये से अधिक की बेनामी संपत्ति का पर्दाफाश किया है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले में लगातार नए व चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं।
🏢 इंदौर में कई फ्लैट व बिल्डिंग, तो देवास और उज्जैन में मिली कृषि भूमि
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोकायुक्त को फिरोज खान द्वारा अवैध कमाई से करोड़ों की संपत्ति जुटाने की गुप्त शिकायत मिली थी। जांच के दौरान इंदौर के स्कीम नंबर 94, श्रीनगर और बाणगंगा क्षेत्र में आलीशान मकान और बहुमंजिला बिल्डिंग के निर्माण की बात सामने आई है, जिसमें कई कीमती फ्लैट्स बनाए गए हैं। इसके अलावा देवास और उज्जैन में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि के दस्तावेज भी लोकायुक्त अधिकारियों के हाथ लगे हैं। सेवाकाल के हिसाब से कांस्टेबल की कुल वैध आय करीब 1 करोड़ रुपये के आसपास होनी चाहिए थी, लेकिन मिली संपत्ति उसकी आय से कई गुना अधिक पाई गई है।
🔍 कई दिनों से ड्यूटी से गैर-हाजिर चल रहा था कांस्टेबल, 5 बैंक खाते खंगाल रही पुलिस
जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी प्रधान आरक्षक पिछले काफी समय से अपनी पुलिस सेवा से बिना बताए गैर-हाजिर (अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित) चल रहा था, जिसकी सूचना लोकायुक्त ने इंदौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के 4 से 5 सक्रिय बैंक खातों की जानकारी भी मिली है, जिन्हें फ्रीज करवाकर वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आने वाले दिनों में जांच आगे बढ़ने पर कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

More Stories
Chhatarpur News: छतरपुर और नौगांव में रामलीला की धूम, वकील निभाते हैं रावण का किरदार; 76 साल पुरानी है अन्नपूर्णा रामलीला
Jabalpur Crime News: बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे अश्विनी अस्पताल में 19 वर्षीय युवक की मौत, संचालक डॉक्टर पहुंचा जेल
MP Police Action Bhopal: ‘जय जोहार’ कहने पर भड़के टीआई पर गिरी गाज, उमंग सिंघार और छात्रों की मांग पर हुआ सस्पेंशन