April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बहन की याद में हर वर्ष केंसर जाँच परीक्षण शिविर का आयोजन, कृषि मंत्री पटेल भी हुए आयोजन में शामिल

विनोद पातरिया,बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल में कैंसर से बहन की मौत हो जाने के बाद पूरा परिवार बहन की याद में हर साल कैंसर शिविर का आयोजन करता है । इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीज जांच और उपचार कराते हैं। पिछले 7 सालों से इस शिविर का आयोजन हो रहा है। शिविर में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई अस्पतालों से डॉक्टर आते हैं । शिविर में शामिल होने प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल भी बैतूल पहुंचे ।

बैतूल के गर्ग परिवार की बेटी मधुलिका अग्रवाल का कैंसर की बीमारी से निधन हो गया था। बेटी की मौत से परिवार दुखी हो गया था। मधुलिका तीन भाई की इकलौती बहिन थी। तीनों ने निश्चय किया कि हमारी बहन तो चली गई लेकिन दूसरे की बहन बच जाए इसी को लेकर बैतूल में निशुल्क कैंसर जाँच परीक्षण उपचार शिविर का आयोजन गर्ग परिवार द्वारा शुरू किया गया।

पिछले 7 साल से आयोजित हो रहे कैंसर शिविर में शामिल होने वाले मरीजों का निशुल्क जांच और उपचार होता है। इस शिविर में मैमोग्राफी वेन भी आती है जिससे महिलाएं मेमोग्राफी टेस्ट कराती हैं । ऐसे कई मरीज है जिन्होंने शिविर में जांच कराई और उनको कैंसर की बीमारी निकली। जिसके बाद उन्होंने समय रहते इलाज कर लिया जिससे उनकी जिंदगी बच गई ।

आयोजित कैंसर शिविर में प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल भी शामिल हुए । कमल पटेल ने कैंसर की बीमारी का अनुभव बताते हुए कहा कि जब मैं कक्षा 9 वीं में पढ़ता था तो मेरी ताई को कैंसर हो गया था। उनका बहुत इलाज करवाया लेकिन उनका दुखद निधन हो गया। वो नजारा कभी भूल नहीं पाता हूं। तभी से भगवान से प्रार्थना करता हूं कि किसी को ये बीमारी न हो। इसको लेकर हमने प्राकृतिक कृषि बोर्ड बनाया है जिसके माध्यम से हम किसानों को जागरूक कर रहे हैं कि वे प्राकृतिक जैविक खेती की तरफ जाए, गौ पालन करें, गोबर के खाद का उपयोग करें।

उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कैंसर के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। कैंसर नशीले पदार्थों से तो होता ही है लेकिन इसका एक मुख्य कारण पेस्टीसाइड और रासायनिक खाद भी है जिसका बहुत उपयोग हो रहा है। सरकार चाहती है कि किसान प्राकृतिक खेती करें जिससे कैंसर पर काबू पाया जा सके।

Share to...