उज्जैन: योग गुरु बाबा रामदेव आज बुधवार अलसुबह उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां वह प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल हुए और नंदी मंडपम से बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने देश की सुख, समृद्धि, शांति और संपन्नता के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना की।
बाबा रामदेव ने नंदी हॉल में बैठकर करीब 2 घण्टे तक ध्यान व पूजा की। आरती के पश्चात नंदी देव का पूजन किया और मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किये।
दर्शन पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में बाबा रामदेव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “धर्म पूछ कर लोगों को गोली मारना बहुत ही घिनौना कृत्य है। भारत सरकार इसका करारा जवाब देगी। बाबा महाकाल भी ऐसे लोगों के लिए काल बनकर खड़े होंगे और अंततः भारत की विजय होगी।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रयासों को राष्ट्रधर्म बताते हुए कहा कि सरकार जो कर रही है, वही उचित और राष्ट्रहित में है।
वही राजनीतिक दलों द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर बाबा रामदेव ने कहा कि जब बात देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की हो, तो राजनीति से ऊपर उठकर सोचना चाहिए। उन्होंने कहा, “राजनेता राजनीति करते हैं, लेकिन जब देश की अस्मिता पर प्रश्न खड़ा हो, तब राजनीति नहीं होनी चाहिए।”
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के एक बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर बाबा रामदेव ने जवाब देते हुए कहा कि देश की 140 करोड़ लोग रहते है कौन किसे वोट देता है, यह एक गौण विषय है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर हम सभी भारतीय एक हैं, और यही भावना हमारे संविधान हमें सिखाता है।
इस अवसर पर महाकाल मंदिर समिति के प्रोटोकॉल अधिकारी अभिषेक शर्मा ने स्वामी रामदेव का विधिवत सम्मान किया।

More Stories
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट