April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

इंदौर को मिलेगा ‘भारत वन’ – शहर के मध्य विकसित होगा 100% हरित क्षेत्र, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया स्थल निरीक्षण

इंदौर: शहर के हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज वरिष्ठ नागरिकों, पर्यावरणविदों, नगर निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित ‘भारत वन स्थल’ का निरीक्षण किया। यह वन करीब 36 एकड़ क्षेत्र में फैले पुराने मैदान पर विकसित किया जाएगा, जो शत-प्रतिशत हरित क्षेत्र (ग्रीनरी) पर आधारित होगा।

इस अवसर पर महापौर भार्गव ने कहा, “हमारी योजना थी कि शहर के मध्य एक ऐसा वन तैयार किया जाए जो शुद्ध पर्यावरण के साथ-साथ इंदौर के लिए ‘लंग्स’ का कार्य करे। आज हमने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर सुझाव लिए हैं और सभी की सहमति है कि इस क्षेत्र को पूरी तरह हरित क्षेत्र में बदला जाएगा। साथ ही यहां एक बड़ा तालाब भी निर्मित किया जाएगा।”

इस भारत वन में देश के विभिन्न राज्यों की जैव विविधता, फ्लोरा-फौना को सम्मिलित किया जाएगा। वहां के पक्षी निवास स्थानों (बर्ड हैबिटेट्स) को ध्यान में रखकर विकास कार्य होंगे। यह परियोजना न केवल पर्यावरण को सशक्त करेगी, बल्कि आसपास के जलस्तर को भी बढ़ाने में सहायक होगी।

महापौर ने इस पहल को इंदौर के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि भारत वन आने वाले वर्षों में शहरवासियों के लिए एक शुद्ध श्वास-स्थल और प्राकृतिक आकर्षण का केंद्र बनेगा।

Share to...