उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में आज शनिवार को चार धाम यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने यात्री बसों को हरी झंडी दिखाकर धामों के लिए रवाना किया।
19 अप्रैल अक्षय तृतीया के मौके पर सबसे पहले यमुनोत्री-गंगोत्री के कपाट खुलेंगे। आगामी छह माह तक भक्त यहां दर्शन कर पाएंगे। वहीं केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे।
चारधाम के लिए अब तक 17.87 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। मानसून काल में अतिवृष्टि, भूस्खलन, भूधंसाव और जगह-जगह कई-कई दिनों तक मार्ग अवरुद्ध रहने के बावजूद पिछले साल चारधाम में 48.32 लाख यात्रियों ने दर्शन किए थे।
चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश और हरिद्वार में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी किया जा रहा है। केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं की बुकिंग 15 जून तक फुल है।
इस बार बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने चारधाम यात्रा सत्र सत्र 2026-27 की बजट बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया था। गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में भी गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। अब श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश से पहले पंचगव्य (दूध, दही, घी, गोमूत्र, गोबर) ग्रहण करना अनिवार्य होगा। बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में नई मोबाइल, फोटोग्राफी पर भी प्रतिबंध रहेगा। दोनों मंदिरों के 50 से 60 मीटर के दायरे में किसी भी तरह की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी व मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा। मंदिरों में मोबाइल रखने के लिए लॉक रूम उपलब्ध कराएंगे।
सरकार ने इस बार चारधाम में प्रतिदिन दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या की व्यवस्था को समाप्त कर दिया है। बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में विशेष पूजा शुल्क में बढ़ोतरी हुई है। अब बदरीनाथ धाम में श्रीमद्भागवत कथा कराने के लिए एक लाख रुपये का शुल्क लिया जाएगा। केदारनाथ धाम में दिन भर की पूजा के लिए 51 हजार रुपये शुल्क देना होगा। केदारनाथ धाम विशेष पूजाएं रात के समय कराई जाएंगी। दिन में श्रद्धालुओं को सामान्य दर्शन कराए जाएंगे।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा हेतु 127 पार्किंग स्थल, 47 पड़ाव क्षेत्र, 57 स्वास्थ्य जांच केंद्र और 177 एंबुलेंस तैनात की गई हैं। ड्रोन व सीसीटीवी सर्विलांस के माध्यम से संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। यात्रा पर नजर रखने को 21 स्थानों पर 36 एपीएनआर कैमरा, 1290 सीसी कैमरे तथा हेली यात्रा पर नजर रखने को 27 पीटीजेड कैमरा लगाए गए हैं।

More Stories
पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, नीरज चोपड़ा ने भी किया समर्थन
आबकारी इंदौर की अवैध मदिरा परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई, 55 हजार रुपये से अधिक कीमत की मदिरा और वाहन जप्त
अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने राज्य सरकार ने उठाये कदम, विशेषज्ञों ने संबद्ध अधिकारियों को दिया ऑनलाइन प्रशिक्षण