April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

यूपी के गोंडा में दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर कार नहर में गिरी, 11 लोगों की मौत

उत्तरप्रदेश: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में आज एक बड़ा भीषण हादसा हो गया। यहां एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि, चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। मरने वालों में नौ लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। बोलेरो में 15 लोग सवार थे।

बोलेरो सवार ये सभी लोग पृथ्वीनाथ मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार गोंडा के मोतीगंज थाना के सीहागांव-खरगूपुर मार्ग के पास यह हादसा हुआ है। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि लगातार बारिश की वजह से नहर के किनारे रास्ता फिसलन वाला हो गया था। बोलेरो की स्पीड थोड़ी ज्यादा थी। वो अचानक बेकाबू हो गई और देखते ही देखते नहर में जा समाई।

आसपास मौजूद लोगों ने यह देखा तो दौड़कर वहां पहुंचे। लोगों ने डूब रहे लोगों को बचाने की कोशिश के साथ ही पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचवाया।

हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को नहर से बाहर निकाला। मिली जानकारी के अनुसार मरने वालों में बीना (35) , काजल (22), महक (12), दुर्गेश, नंदिनी, अंकित, शुभ, संजू वर्मा, अंजू, अनसुइया, सौमिया शामिल हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोंडा हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है। इसके साथ ही अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश दिए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा है कि घायलों के समुचित इलाज को स्वयं सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Share to...