रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वाहनों पर पत्थरबाजी करने वाले 3 शातिर आरोपियों को रतलाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों से पुलिस पूछताछ में जो खौफनाक सच्चाई सामने आई, उसे सुनकर खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी युवक महज शराब पार्टी जीतने और शर्त लगाने के लिए तेज रफ्तार गुजरते वाहनों पर जानलेवा पत्थरबाजी किया करते थे।
🎯 ‘जिसका निशाना लगा वह जीता, बाकी देंगे शराब पार्टी’: पूछताछ में आरोपी युवकों ने कबूला अजीबोगरीब सच
औद्योगिक थाना पुलिस ने जब ईसरथुनी गांव से गिरफ्तार किए गए आरोपी युवकों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उनके जवाब ने पुलिस को हैरान कर दिया।
एडिशनल एसपी राकेश कुमार ने बताया कि यह युवक आपस में शराब पार्टी देने की शर्त लगाते थे। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहनों पर जिसका पत्थर सही निशाने पर लग जाता था, वह शर्त जीत जाता था। वहीं जिसका निशाना चूक जाता, वह हार जाता और उसे बाकी साथियों को शराब पार्टी देनी पड़ती थी। इसी जानलेवा खेल के चक्कर में आरोपी रोजाना यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे थे।
📹 कार सवार यात्रियों ने बनाया था पत्थरबाजी का वीडियो: सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
दरअसल, दो दिन पहले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दिन के समय हुई पत्थरबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
एक्सप्रेसवे से गुजर रहे कुछ कार सवार यात्रियों ने देखा कि एक ऊंची पहाड़ी के ऊपर खड़े कुछ युवक नीचे जा रहे वाहनों को निशाना बनाकर पत्थरों की बरसात कर रहे हैं। यात्रियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
🚓 रतलाम और झाबुआ पुलिस का संयुक्त चेकिंग अभियान: ईसरथुनी गांव से पकड़ाए आरोपी
वायरल वीडियो और एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रही घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए रतलाम और झाबुआ पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक सर्चिंग अभियान शुरू किया।
रतलाम की औद्योगिक थाना पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर पत्थर फेंकने वाले युवकों की शिनाख्त की और बुधवार को ईसरथुनी गांव में दबिश देकर 3 आरोपियों को धर दबोचा। हालांकि, झाबुआ और रतलाम जिले की सीमा पर रात के समय पत्थरबाजी की घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस अब भी जुटी हुई है।
🔫 एक्सप्रेसवे पर बढ़ाई गई हथियाबंद गश्त: फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एडिशनल एसपी राकेश कुमार ने जानकारी दी कि रतलाम और झाबुआ पुलिस एक्सप्रेसवे पर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चला रही है।
दोनों जिलों की सीमाओं पर संवेदनशील पॉइंट्स और पहाड़ियों के पास रात के समय हथियारबंद पुलिस टीमों की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और पत्थरबाजी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। गिरोह के अन्य फरार साथियों की भी संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।

More Stories
NH-45 Shahpura Toll Plaza News: जबलपुर वासियों को बड़ी राहत! क्षतिग्रस्त शाहपुरा ओवरब्रिज पर बंद होगी टोल टैक्स वसूली
Women Empowerment MP: भोपाल में पुलिस ने की ‘शक्ति कैफे’ की शुरुआत; घरेलू हिंसा और अपराध पीड़ित महिलाओं को मिली आर्थिक आजादी
MP Prisoner Mental Health Care: भोपाल जेल से शुरू हुई मानसिक स्वास्थ्य पहल; कैदियों का होगा पुनर्वास, जानें कैसे काम करेगा सेंटर