September 7, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Raparia Balam vs Excel Entertainment: मिर्जापुर द मूवी में राजस्थानी गाने के इस्तेमाल पर छिड़ा विवाद हुआ शांत

थिएटर में रिलीज होते ही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ जहां एक तरफ बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है, तो वहीं दूसरी तरफ फिल्म के एक गाने को लेकर इंटरनेट पर तगड़ा बखेड़ा खड़ा हो गया है. फिल्म में इस्तेमाल किए गए बेहद मशहूर राजस्थानी लोक-फ्यूजन ट्रैक ‘शूरवीर’ को लेकर सवाल उठने लगे कि क्या मेकर्स ने इसे बिना इजाजत अपनी फिल्म में इस्तेमाल किया. लेकिन अब इस पूरे विवाद पर म्यूजिक लेबल ने सामने आकर दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है. गाने के ओरिजिनल म्यूजिक लेबल ‘ट्रूपर रिकॉर्ड्स’ ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ कर दिया है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ में इस ट्रैक का इस्तेमाल पूरी तरह लीगल है और फरहान अख्तर-रितेश सिधवानी की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट को इसका बाकायदा ऑफिशियल इन-फिल्म लाइसेंस दिया गया था.

दरअसल, ‘शूरवीर’ राजस्थान का बेहद लोकप्रिय फोक-फ्यूजन ट्रैक है, जिसे जाने-माने आर्टिस्ट रैपरिया बालम ने कंपोज किया और गाया है, जबकि इसके बोल रजनीश जयपुरी ने लिखे हैं. जैसे ही ‘मिर्जापुर: द मूवी ‘ में ये गाना गूंजा, तब इसके ओरिजिनल क्रिएटर रैपरिया बालम सन्न रह गए. उन्होंने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक और दर्द भरा पोस्ट शेयर करते हुए मेकर्स पर सीधे आरोप लगाए थे.

रैपरिया बालम ने क्या आरोप लगाए थे?

रैपरिया बालम ने अपना दुख जाहिर करते हुए कहा था कि फिल्म में उनके गाने का इस्तेमाल बिना उनकी जानकारी या अनुमति के किया गया है. उन्होंने दिल टूटने वाले इमोजी के साथ लिखा था कि एक इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट दिन-रात मेहनत करके कोई गाना बनाता है, लेकिन जब बॉलीवुड के बड़े प्रोडक्शन हाउस बिना पूछे या बिना क्रेडिट दिए उसे अपनी 70mm की कमर्शियल फिल्म में इस्तेमाल कर लेते हैं, तो रूह तक कांप जाती है.

म्यूजिक लेबल ने दी सफाई

बढ़ते विवाद के बीच गाने के प्रोड्यूसर हनी ट्रूपर और लेबल ‘ट्रूपर रिकॉर्ड्स’ ने सीधे इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर मामले को शांत कर दिया. लेबल ने पोस्ट में लिखा, “ट्रूपर रिकॉर्ड्स ये शेयर करते हुए बेहद खुश है कि ‘शूरवीर’ गाने को आधिकारिक तौर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में इन-फिल्म इस्तेमाल के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट को लाइसेंस दिया गया था. हम एक्सेल एंटरटेनमेंट और ‘मिर्जापुर’ की पूरी टीम को फिल्म की रिलीज पर बधाई देते हैं.” लेबल ने इस पोस्ट के साथ गाने के ओरिजिनल क्रिएटर रैपरिया बालम, गीतकार रजनीश जयपुरी और डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर को भी बाकायदा क्रेडिट्स में मेंशन किया है.

इंडस्ट्री में क्यों होते हैं ऐसे कन्फ्यूजन?

अक्सर म्यूजिक इंडस्ट्री में राइट्स और ओनरशिप का स्ट्रक्चर थोड़ा पेचीदा होता है. कई बार आर्टिस्ट गाने का कॉपीराइट म्यूजिक लेबल को बेच देते हैं. ऐसे में जब कोई फिल्म प्रोडक्शन हाउस उस गाने को खरीदना चाहता है, तो वो सीधे लेबल से कानूनी लाइसेंस लेता है, जिसकी जानकारी कई बार खुद ओरिजिनल गायकों या आम पब्लिक तक तुरंत नहीं पहुंचती. ‘शूरवीर’ के मामले में भी यही हुआ.

Share to...