इंदौर: गणतंत्र दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शासकीय विद्यालय मुसाखेड़ी में आयोजित विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में बच्चों के साथ भोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश और प्रदेश का भविष्य इन्हीं बच्चों के हाथों में है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने बच्चों को स्कूली बैग सहित अन्य पाठ्यसामग्री भी वितरित की।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए देवड़ा ने कहा कि 26 जनवरी के अवसर पर पूरे प्रदेश में बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन करने का कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक है। इससे बच्चों में समानता, सहयोग और आत्मीयता की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। इस दौरान विद्यालय की भूमि से संबंधित एक समस्या पर संज्ञान लेते हुए उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि भोपाल जाकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि बच्चों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
अपने संबोधन में देवड़ा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता, शहर, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

More Stories
सरकार की खेत तालाब योजना किसान के लिए बनी वरदान, अधिक उत्पादन से हुआ फायदा
उज्जैन कलेक्टर कार्यालय एवं जिला पंचायत कार्यालय दमदमा में शुरू हुई एमपी ई-सेवा हेल्प डेस्क
साधना सप्ताह में देश में तृतीय स्थान अर्जित करने पर जनसंपर्क विभाग को एमएसएमई मंत्री काश्यप ने सिविल सेवा दिवस पर किया पुरस्कृत