April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

स्कूल शिक्षा विभाग को विभागीय उपलब्धि एवं उत्कृष्ट कार्य पर मिला सम्मान

भोपाल: स्कूल शिक्षा एवं परिवहन विभाग के मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सिविल सेवा दिवस के अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं नवाचारों की सराहना करते हुए सभी के प्रयासों को सराहनीय बताया। मंत्री सिंह ने कहा कि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने की सराहना की।

प्रशासन अकादमी, भोपाल में आयोजित “साधना सप्ताह” कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, टीमवर्क एवं सतत प्रयासों का परिणाम है। मंत्री सिंह ने इस सफलता के लिए सभी संबंधितों को हार्दिक बधाई दी है।

सिविल सेवा दिवस के अवसर पर मंगलवार को प्रशासन अकादमी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रीमती प्रेमलता उपाध्याय, माध्यमिक शिक्षक को नवाचारी अधिगम सामग्री विकसित करने के लिए ₹1,00,000/- की राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है। इसी प्रकार, “सुपर-100” योजना के अंतर्गत JEE एवं NEET परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोपाल के प्राचार्य सुधाकर पाराशर तथा शिक्षक श्रीमती एकता पाठक (गणित), श्रीमती सीमा माथुर (रसायन), श्रीमती भारती द्विवेदी (जीव विज्ञान) एवं गुलाब सिंह (भौतिक विज्ञान) को संयुक्त रूप से ₹1,00,000/- की राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है।

Share to...