April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सरकार की खेत तालाब योजना किसान के लिए बनी वरदान, अधिक उत्पादन से हुआ फायदा

उज्जैन: जिले की तराना जनपद पंचायत के ग्राम कनार्दी में खेत तालाब योजना ने एक किसान की जिंदगी बदलकर रख दी। यहां के किसान रवि पाटीदार ने इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपनी बंजर जमीन को उपजाऊ बनाया, बल्कि 100 क्विंटल से अधिक गेहूं उत्पादन कर क्षेत्र में मिसाल पेश की है।

रवि पाटीदार के पास करीब साढ़े सात बीघा जमीन है, जो पहले पूरी तरह बारिश पर निर्भर थी। पर्याप्त सिंचाई के अभाव में हर साल केवल एक ही फसल ली जा पाती थी और कई बार जमीन बंजर ही पड़ी रह जाती थी। ऐसे में ग्राम के सरपंच अर्जुन पाटीदार और रोजगार सहायक कन्हैयालाल फुलेरिया ने उन्हें खेत तालाब योजना के बारे में जानकारी दी और आवेदन कराकर योजना का लाभ दिलाया। इसके बाद पंचायत सचिव सचिन अग्रवाल और उपयंत्री सौरभ जैन ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में खेत पर तालाब का निर्माण कराया गया, जिससे पानी का स्थायी स्रोत उपलब्ध हो सका। तालाब बनने के बाद खेती की पूरी तस्वीर बदल गई।
जहां पहले पानी के अभाव में फसलें नहीं हो पाती थीं, वहीं अब उसी जमीन पर भरपूर सिंचाई के कारण पहली बार गेहूं की अच्छी पैदावार हुई। इस सीजन में रवि पाटीदार ने 100 क्विंटल से अधिक गेहूं उत्पादन कर अपनी मेहनत और योजना के प्रभाव को साबित कर दिया।

खेती में आई इस सफलता से किसान का परिवार बेहद खुश है और आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। अब रवि पाटीदार गांव के अन्य किसानों को भी जल संवर्धन और खेत तालाब योजना के फायदे बता रहे हैं। उनकी यह सफलता क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा बन गई है और जल संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित करती है।

Share to...