उज्जैन: कलेक्टर जिला उज्जैन रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रेयांस कूमट के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रशासनिक संकुल भवन, कलेक्टर कार्यालय उज्जैन तथा जिला पंचायत कार्यालय दमदमा, उज्जैन में एमपी ई-सेवा हेल्प डेस्क का शुभारंभ कर दिया है।
एमपी ई-सेवा मध्य प्रदेश शासन द्वारा विकसित एक एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल है, जो नागरिकों को विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाओं तक आसान, पारदर्शी और एकल इंटरफेस के माध्यम से पहुँच प्रदान करता है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे अथवा हेल्प डेस्क की सहायता से अनेक जरूरी प्रमाण-पत्र और सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं।प्रमुख सुविधाएं एवं लाभ:जन्म, मृत्यु, जाति, निवास, आय प्रमाण-पत्र सहित अनेक प्रमाण-पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन, विभिन्न विभागों की सेवाओं की एकीकृत उपलब्धता, आवेदन की वास्तविक समय स्थिति (ट्रैकिंग) की ऑनलाइन जानकारी, पूर्ण पारदर्शिता एवं समय की बचत, डिजिटल भुगतान की सुविधा, ग्रामीण क्षेत्रों में भी सेवाओं की सहज पहुँच, हेल्प डेस्क पर प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के उपयोग का मार्गदर्शन। इस हेल्प डेस्क पर तैनात प्रशिक्षित कर्मी नागरिकों को एमपी ई-सेवा पोर्टल तथा ऐप का उपयोग करने में पूर्ण सहायता प्रदान करेंगे, जिससे डिजिटल साक्षरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिला प्रशासन सभी नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों से अपील करता है कि वे इस आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा शासकीय सेवाओं को डिजिटल माध्यम से प्राप्त कर समय, धन एवं संसाधनों की बचत करें।
हेल्प डेस्क कार्यालयीन समय में उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी के लिए कलेक्टर कार्यालय उज्जैन या जिला पंचायत कार्यालय दमदमा से संपर्क किया जा सकता है।

More Stories
साधना सप्ताह में देश में तृतीय स्थान अर्जित करने पर जनसंपर्क विभाग को एमएसएमई मंत्री काश्यप ने सिविल सेवा दिवस पर किया पुरस्कृत
देवास पुलिस की नवाचार पहल “पुलिस चौपाल” को सीएम एक्सीलेंस अवार्ड
स्कूल शिक्षा विभाग को विभागीय उपलब्धि एवं उत्कृष्ट कार्य पर मिला सम्मान