इंदौर: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बुधवार को विधानसभा-4 के वार्ड-72 स्थित रेवेन्यू नगर में जनसंवाद कर स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा रखरखाव व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाया जाए।
जनसंवाद के दौरान रहवासियों ने गार्डनों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइटों के नियमित मेंटेनेंस, ड्रेनेज लाइन की सफाई तथा कुछ गलियों में जलभराव जैसी समस्याएं उठाईं। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता न पड़े।
इसके बाद महापौर ने सच्चिदानंद नगर योगशाला का निरीक्षण कर पोधारोपण किया और वहां योग करने आए नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र की सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नगर निगम केवल दैनिक रखरखाव तक सीमित नहीं है, बल्कि आगामी 20 से 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शहर का आधारभूत ढांचा मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पेयजल और ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 25 वर्ष पुरानी पाइपलाइनें बदली गई हैं। बढ़ती आबादी की जल आवश्यकताओं को देखते हुए नर्मदा परियोजना के चौथे चरण को आगे बढ़ाया गया है। वहीं, सीवरेज निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शहर में 24 मास्टर प्लान सड़कों का निर्माण तेजी से चल रहा है। कई प्रमुख सड़कें पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष परियोजनाओं पर कार्य जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी।
महापौर ने जनसंवाद के दौरान नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को अपने घर पर सोलर पैनल लगाने पर विचार करना चाहिए। इससे बिजली खर्च में कमी आएगी और केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सब्सिडी का भी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इंदौर में अब तक 32 हजार से अधिक परिवार अपने घरों पर सोलर पैनल स्थापित कर चुके हैं, जिससे उन्हें आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा का भी लाभ मिल रहा है।
जनसंवाद के अंत में महापौर ने रेवेन्यू नगर स्थित गार्डन में खराब झूलों, चकरी और व्यायाम उपकरणों को हटाकर उनकी जगह नए झूले एवं आधुनिक एक्सरसाइज उपकरण लगाने की घोषणा भी की।

More Stories
MP Young Achievers: हॉकी खिलाड़ी स्नेहा दावदे, दिव्यांग क्रिकेटर जितेंद्र और एथलीट अर्जुन वास्कले ने बढ़ाया देश का मान
CM Mohan Yadav Governance: नो मीटिंग डे के बाद सीएम मोहन सरकार का बड़ा कदम, जनता की समस्याओं के समाधान के लिए बनाई खास योजना
MP Electricity Department Employee Attacked: ग्वालियर में मीटर रीडर पर पिटबुल और जर्मन शेफर्ड से हमला, 17 जगहों पर काटे कुत्ते