April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

आयरलैंड के गेंदबाज कर्टिस कैंफर ने रचा इतिहास, पांच गेंदों में झटके पांच विकेट, ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

आयरलैंड के तेज गेंदबाज कर्टिस कैंफर ने गुरुवार को पांच गेंदों में पांच विकेट लेकर धमाल मचा दिया। वह पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए जिसने पांच गेंदों में पांच विकेट अपने नाम किए। 26 वर्षीय गेंदबाज ने यह कारनामा इंटर-प्रांतीय टी20 ट्रॉफी 2025 के दौरान किया।

मुन्सटर रेड्स का प्रतिनिधित्व करते हुए कर्टिस ने नॉर्थ वेस्ट वॉरियर्स पर कहर बरपाया। उन्होंने शुरुआत जेरेड विल्सन से की और अगली ही गेंद पर ग्राहम ह्यूम को आउट किया। इसके बाद पारी का 14वां ओवर फेंकने आए कर्टिस ने वॉरियर्स के कप्तान एंडी मैकब्राइन का विकेट लिया। उसके बाद रॉबी मिलर और जोश विल्सन को पवेलियन की राह दिखाई। इस तरह कर्टिस ने पांच गेंदों में पांच विकेट झटके।

यह पहला मौका नहीं है जब किसी गेंदबाज ने पांच गेंदों में पांच विकेट झटके हैं। इससे पहले केलिस नधलोवु ने 2024 में घरेलू टी20 टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे की अंडर-19 टीम के लिए लगातार गेंदों पर पांच विकेट लिए थे।

मुंस्टर रेड्स के कप्तान कैंपर ने अपने दूसरे और तीसरे ओवर में पांच विकेट लिए। इससे वॉरियर्स की टीम 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 87/5 से 88 पर ऑल आउट हो गई। पांच विकेट में से पहले विकेट जेरेड विल्सन 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए। कैंपर की स्विंग से गेंद ऑफ स्टंप पर जा लगी। अगली गेंद पर ग्राहम ह्यूम बैकफुट पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इनस्विंगर उनके पैड पर लगी। कैंपर ने अपने अगले ओवर की शुरुआत में हैट्रिक पूरी की। 14वें ओवर की पहली गेंद पर एंडी मैकब्राइन डीप मिडविकेट की ओर स्लॉग शॉट खेलने में चूक गए।

विकेट लेने का सिलसिला तब जारी रहा जब नंबर 10 रॉबी मिलर पहली गेंद पर कैच आउट हो गए। वह ऑफ स्टंप के बाहर गेंद को मारने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद कैंफर ने राउंड द विकेट गेंदबाजी करते हुए नंबर 11 पर जोश विल्सन को आउट किया।

उंगली की चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज से बाहर होने के बाद यह कैंफर का दूसरा मैच था। मंगलवार को लेइनस्टर लाइटनिंग के खिलाफ अपने वापसी मैच में उन्होंने 35 गेंदों पर 57 रन बनाए थे, लेकिन गेंदबाजी नहीं की थी। गुरुवार को भी उन्होंने 24 गेंदों पर 44 रन बनाए और फिर पांच विकेट लिए।

Share to...