April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मौसम विभाग ने मप्र, यूपी सहित 10 राज्यों में दो दिन लू का येलो अलर्ट जारी

नई दिल्ली: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान तेजी से बढ़ते हुए 42°C से 44°C के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे अप्रैल के महीने में ही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का अहसास हो रहा है। उत्तर प्रदेश के बांदा जैसे जिलों में पारा 45.4°C तक पहुंच गया है, जबकि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक इसी तरह के शुष्क और गर्म मौसम का अनुमान है।

मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

गुरुवार को पंजाब के बठिंडा का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां लू व भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के ऊना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सीजन में अभी तक का यह सबसे अधिक तापमान है। वहीं, हरियाणा में मरुस्थलीय शुष्क हवाओं के कारण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिससे फरीदाबाद का तापमान 43.4 सेल्सियस और रोहतक-सिरसा का 43.3 तक पहुंच गया। दिन के साथ रात के तापमान में भी उछाल दर्ज किया गया है। हालांकि, 25 से 30 अप्रैल के बीच तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव की संभावना है।

मध्य प्रदेश के कई शहरों में गुरुवार को लू जैसे हालात बने। नर्मदापुरम, खजुराहो और नौगांव में अधिकतम तापमान 43 डिग्री से अधिक रहा। मौसम विभाग (आइएमडी) के अनुसार, प्रदेश के ऊपर एक प्रेरित चक्रवात सक्रिय है, जो बादलों को बनने नहीं दे रहा है। राजस्थान की ओर से लगातार गर्म हवाएं प्रदेश में आ रही हैं, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। गर्मी से जनजीवन प्रभावित है और दोपहर में सड़कें खाली दिखाई दे रही हैं।

बिहार के डेहरी में 43.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा कैमूर, गयाजी, शेखपुरा, सिवान के जीरादेई और छपरा में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राज्य का मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि के आसार है।

उत्तराखंड में भी चटख धूप के बीच तापमान लगातार बढ़ रहा है। पंतनगर में तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। पहाड़ी जिलों में भी तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अगले तीन से चार दिन गर्मी कम होने के आसार नहीं हैं। पहाड़ी जिलों में शुक्रवार से मौसम करवट ले सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में हल्की वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग दोपहर के समय सीधे धूप में निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। आने वाले दिनों में राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में भी तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Share to...