जबलपुर: संस्कारधानी के रांझी थाना अंतर्गत संजय नगर में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बेखौफ बदमाशों ने एक सिविल इंजीनियर को अपना निशाना बनाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ा पत्थर निवासी क्लेरिंस अपनी बाइक (MP 20 NW 1145) से सुबह करीब 8 बजे रांझी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे दो नकाबपोश बाइक सवार हमलावरों ने उनके करीब आकर सीधे सिर पर गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी CSP सतीश साहू और थाना प्रभारी उमेश गोलहनी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस सनसनीखेज हमले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
सीएसपी सतीश साहू ने बताया पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आसपास के मार्गों की घेराबंदी कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। प्राथमिक तौर पर मामला रंजिश का प्रतीत हो रहा है, जिसकी पुलिस हर पहलू से तफ्तीश कर रही है।

More Stories
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर
पश्चिम बंगाल में पहले चरण व तमिलनाडु की सभी सीटों पर मतदान जारी, मतदाताओं में उत्साह, लगी कतारे