नईदिल्ली: देश के मैदानी राज्यों में अभी तक कड़ाके की ठंड देखने को नहीं मिली है वहीं, आने वाले दिनों में उत्तर भारत सहित देश के विभिन्न राज्यों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आईएमडी की मानें तो मैदानी और पहाड़ी इलाकों में 8 दिसंबर को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो सकता है, जिससे देश के कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और दक्षिण कोंकण व गोवा में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
इसके अलावा विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़, दक्षिण ओडिशा, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। दिल्ली और एनसीआर की वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) मध्यम श्रेणी में बना रहेगा।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के पास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है वहीं, दक्षिण असम में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
इसके अलावा एक नया पश्चिमी विक्षोभ 7 दिसंबर की रात को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पहुंचेगा और 8 दिसंबर से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम हवाएं 135 नॉट्स की गति से चल रही हैं।

More Stories
केमिकल से पकाए जा रहे फलों पर सख्ती, FSSAI का आदेश केमिकल इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध
देश के 13 से अधिक राज्यों में भारी बारिश आंधी तूफान व 6 से अधिक राज्यो में लू चलने का अलर्ट
आगर रोड़ से खाक चौक चौराहा तक निर्माणाधीन सड़क के बीच फूलदार पौधे लगाए जाएं – संभागायुक्त सिंह