April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

देश के 13 से अधिक राज्यों में भारी बारिश आंधी तूफान व 6 से अधिक राज्यो में लू चलने का अलर्ट

नईदिल्ली: देश के अधिकतर राज्यों में तापमान बढ़ने के कारण गर्मी का सितम शुरू हो गया है। वहीं इस बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD ने पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

IMD के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में 18 से 20 अप्रैल के दौरान, असम-मेघालय में 17 से 19 अप्रैल के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में गरज-चमक और तेज हवाएं चलेंगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का अनुमान है। जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 17 अप्रैल को गरज के साथ बारिश हो सकती है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और हरियाणा में भी हल्की बारिश हो सकती है।

IMD ने जारी किया लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के कई राज्यों में लू चलने की संभावना जताई है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में 17 से 20 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है। महाराष्ट्र के अकोला में सबसे ज्यादा 44.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में गर्मी का सितम सता रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 19 अप्रैल के बीच राज्यों में तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 17 अप्रैल को हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। गर्मी सामान्य से ज्यादा बनी रहेगी, जिससे स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। वहीं प्रदूषण बढ़ने के कारण एक बार फिर ग्रैप की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है। IMD ने पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा लेकिन गर्मी अधिक होगी। वहीं लखनऊ, कानपुर जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, हालांकि बारिश की संभावना काफी कम है। वहीं वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर में मौसम शुष्क रहेगा, जिससे गर्मी अधिक होगी।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने 18 अप्रैल को बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, भागलपुर में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी।

उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम

IMD ने उत्तराखंड में 17 से 19 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। जबकि देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर में भी हल्की बारिश हो सकती है। नैनीताल में बारिश के साथ ठंडी हवाओं का दौर जारी रहेगा।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में 17 अप्रैल को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। बाकी समय मौसम गर्म और शुष्क रहेगा। IMD के अनुसार, कल जयपुर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।

Share to...