September 13, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Hockey India Cash Reward: जूनियर एशिया कप जीतने पर खिलाड़ियों पर बरसे पैसे, हर खिलाड़ी को मिलेगा 3 लाख का इनाम

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चीन के हुलुनबुइर शहर में इतिहास रच दिया है. एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप 2026 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताबी जीत हासिल की. इसके साथ ही भारत ने लगातार तीसरी बार जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम करते हुए खिताबी हैट्रिक पूरी की. इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के साथ ही भारतीय टीम ने आगामी एफआईएच जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है.

सानिका चंद्रकांत माने का ‘गोल्डन गोल’

फाइनल मुकाबले में दोनों ही टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. मेजबान चीन को घरेलू फैंस का जबरदस्त समर्थन हासिल था, लेकिन भारतीय डिफेंस और फॉरवर्ड लाइन ने शानदार संयम दिखाया. मैच के दूसरे क्वार्टर में, 17वें मिनट में भारतीय स्ट्राइकर सानिका चंद्रकांत माने ने विपक्षी गोलकीपर को छकाते हुए फील्ड गोल दाग दिया. सानिका का यह गोल पूरे मुकाबले का इकलौता और निर्णायक गोल साबित हुआ.

इसके बाद चीनी टीम ने बराबरी हासिल करने के लिए लगातार कई आक्रामक कोशिश कीं, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर ने अभेद्य दीवार बनकर चीन के हर मंसूबे पर पानी फेर दिया. इस दमदार प्रदर्शन के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार इस खिताब पर अपने कब्जा जमा लिया.

हॉकी इंडिया ने किया इनाम का ऐलान

शानदार खिताबी अभियान और लगातार तीसरी ट्रॉफी जीतने पर हॉकी इंडिया ने युवा भारतीय टीम पर इनामों की बारिश कर दी है. हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया पर ऐलान करते हुए बताया कि चैंपियन टीम की हर एक खिलाड़ी को 3 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा. वहीं, टीम के सपोर्ट स्टाफ के हर एक सदस्य को 1.5 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जाएगा. बोर्ड ने खिलाड़ियों के जुझारू जज्बे और चीनी धरती पर तिरंगा लहराने की जमकर तारीफ भी की है. इस खिताबी जीत से टीम का मनोबल सातवें आसमान पर है और अब पूरा ध्यान जूनियर वर्ल्ड कप में पोडियम फिनिश हासिल करने पर होगा.

Share to...