November 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

High Court Order Updates: 6 जेसीबी से तोड़े गए अवैध निर्माण, RPF-GRP और पुलिस बल तैनात, वक्फ कमेटी ने जताया विरोध

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत रेलवे ने शनिवार सुबह माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 5 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 के पास रेलवे की जमीन पर बने एक दर्जन से अधिक मजार, मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा और अन्य निर्माणों को 6 जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में रेलवे ने करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर 80 से अधिक RPF जवानों के साथ GRP और विभिन्न थानों का पुलिस बल तैनात रहा। रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से SDM पवन बारिया और CSP दीपिका शिंदे ने मोर्चा संभाला।

⚖️ हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुई कार्रवाई

रेलवे PRO मुकेश कुमार और RPF थाना प्रभारी राजीव उपाध्याय ने बताया कि संबंधित जमीन रेलवे की है। अवैध अतिक्रमण के मामले में हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने और रेलवे के पक्ष में फैसला आने के बाद यह कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाने के लिए पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्माण नहीं हटाए गए। इसके बाद हाईकोर्ट के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई की गई।

⚠️ वक्फ कमेटी ने जताया विरोध; कोर्ट जाने की चेतावनी

दूसरी ओर, वक्फ कमेटी के अध्यक्ष काजी मौलाना आरिफ नदवी ने रेलवे की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे ने गलत तरीके से मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा, एक दर्जन से अधिक मजारों और मुतवल्ली के मकान को तोड़ा है।

नदवी का कहना है कि इस जमीन से जुड़ा मामला अभी भी भोपाल वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट में लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को फर्जी किरायेदार बताकर तड़के यह कार्रवाई की गई। कमेटी ने इसके खिलाफ कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट (अवमानना याचिका) दायर करने की चेतावनी दी है।

🏗️ अब जमीन पर बनेगा होल्डिंग और वेटिंग एरिया

रेलवे PRO मुकेश कुमार के अनुसार, सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए स्टेशन परिसर का विस्तार और निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अतिक्रमण के कारण इन कार्यों में बाधा आ रही थी। अब अतिक्रमण मुक्त कराई गई करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर सिंहस्थ के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होल्डिंग और वेटिंग एरिया विकसित किया जाएगा।

Share to...