September 30, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Experience-Led Travel: डेस्टिनेशन बाद में और एक्टिविटी पहले, जानिए कैसे बदल रहा है भारत में पर्यटन का पूरा तरीका

आज की युवा पीढ़ी, जिसे GenZ कहते हैं, छुट्टियों की प्लानिंग एक अलग ही तरीके से कर रही है. अब वे पहले जगह नहीं चुनते, बल्कि अनुभव को प्राथमिकता देते हैं. पहले गोवा, जयपुर या दुबई जैसी जगहें तय होती थीं, फिर फ्लाइट और होटल बुक होते थे, और आखिर में ‘क्या करना है’ इसकी लिस्ट बनती थी. GenZ ने इस पूरे क्रम को ही बदल दिया है. अब छुट्टियों की शुरुआत किसी कॉन्सर्ट टिकट, म्यूजिक फेस्टिवल, थीम पार्क, फ़ूड एक्सपीरियंस या किसी ऐसी चीज से हो सकती है, जिसके लिए बैग पैक करना बनता हो. डेस्टिनेशन बाद में तय होती है.

इसी वजह से छुट्टियों की प्लानिंग अब काफी दिलचस्प हो गई है. Airbnb की 2026 की रिसर्च बताती है कि 10 में से 7 भारतीय GenZ यात्री एक लंबी सालाना छुट्टी के बजाय तीन दिन की छोटी ट्रिप पर जाना पसंद करते हैं. एक और खास बात ये है कि 80% ने कहा कि किसी ट्रिप के छोटे पल, मशहूर जगहों से ज्यादा मायने रखते हैं. तो अब शायद बड़ा सवाल ये नहीं रहता कि “हमें कहां जाना चाहिए?” बल्कि ये हो सकता है, “हमें क्या करना है?”

कॉन्सर्ट पहले, फ्लाइट बाद में

संगीत इस बदलाव का सबसे बड़ा उदाहरण है. Airbnb की 2026 की ‘एक्सपीरियंस लेड ट्रैवल इनसाइट्स’ के अनुसार, 2026 में 62% भारतीय GenZ यात्रियों ने कॉन्सर्ट और म्यूजिक फेस्टिवल के लिए ट्रैवल करने की योजना बनाई थी. इससे भी दिलचस्प बात ये है कि 76% ने बताया कि वे किसी कॉन्सर्ट या फेस्टिवल की वजह से पहली बार किसी शहर गए थे. आधे से ज्यादा लोगों ने तो उस जगह को घूमने के लिए अपना स्टे भी बढ़ा दिया.

एक्सपर्ट कहते हैं कि इसका असर सिर्फ कॉन्सर्ट टूरिज्म से कहीं ज्यादा है. यह दिखाता है कि कैसे एक अनुभव यात्रा का शुरुआती ट्रिगर बन सकता है, और मंजिल बाद में उस अनुभव का हिस्सा बन जाती है.” जरा सोचिए, यह प्लानिंग कितनी अलग है. आप एक कॉन्सर्ट देखते हैं जिसे आप अटेंड करना चाहते हैं. आप टिकट खरीदते हैं. फिर फ्लाइट देखते हैं. फिर होटल. और अचानक, आप आस पास के कैफे, बाजार और घूमने की जगहें ढूंढने लगते हैं. इवेंट आपको वहां ले गया. शहर को आपको रोकने का मौका मिल गया.

तीन दिन की छुट्टी का क्रेज

हर छुट्टी के लिए सात दिन, तीन सूटकेस और एक लंबी लिस्ट की जरूरत नहीं होती. युवा यात्रियों के लिए, अगर यात्रा का कोई स्पष्ट कारण हो, तो एक छोटा ट्रिप भी काफी हो सकता है.

ऐसे छोटे ट्रिप कुछ इस तरह के हो सकते हैं:

किसी कॉन्सर्ट के लिए दूसरे शहर जाना और एक रात ज्यादा रुकना.

थीम पार्क के आसपास एक वीकेंड प्लान करना.

किसी फूड फेस्टिवल के लिए गाड़ी चलाकर जाना.

वेलनेस रिजॉर्ट में दो रातें बुक करना.

किसी स्पोर्टिंग इवेंट के लिए ट्रैवल करना.

सोशल मीडिया पर सेव किए गए किसी अनुभव के लिए शहर चुनना.

GenZ के लिए यात्रा अब एक सालाना एक्सपीरियंस के बजाय रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन रही है. उन्होंने कहा 3 दिन का म्यूजिक फेस्टिवल, अचानक रोड ट्रिप, एक वेलनेस रिट्रीट या एक एडवेंचर वीकेंड एक पूरा ट्रैवल एक्सपीरियंस बन सकता है. ट्रिप बहुत लंबा नहीं होना चाहिए. बस आपको घर से निकलने का एक अच्छा कारण मिलना चाहिए.

देसी पर्यटन को नया बूस्ट

यह बदलाव भारत में देसी पर्यटन के लिए भी काफी दिलचस्प हो सकता है. अब किसी जगह को लोगों को आकर्षित करने के लिए सिर्फ अपने सबसे मशहूर पर्यटक आकर्षणों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. थीम पार्क, फेस्टिवल, एंटरटेनमेंट सेंटर, स्पोर्टिंग इवेंट और रिसॉर्ट खुद ही यात्रा के कारण बन सकते हैं.

अब आप जगह चुनकर ये नहीं पूछते कि वहां क्या कर सकते हैं, बल्कि आप कुछ ऐसा ढूंढते हैं जो आप करना चाहते हैं और फिर सोचते हैं कि वह आपको कहां ले जा सकता है. हो सकता है आपकी अगली छुट्टी किसी डेस्टिनेशन सर्च से शुरू ही न हो. यह आपके इनबॉक्स में पड़े किसी मनोरंजन पार्क के टिकट या कॉन्सर्ट टिकट से शुरू हो सकती है.

Share to...