September 11, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Bhopal News: भोपाल से शारजाह के लिए अक्टूबर से शुरू होगी फ्लाइट, 1 लाख नई नौकरियों का सीएम मोहन यादव का ऐलान

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर मध्य प्रदेश के 18 हजार बूथों पर लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीप जलाया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले प्रमुख स्थलों पर भी भव्य दीपोत्सव किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें मुख्यमंत्री ने बताया कि, “राजधानी भोपाल से अक्टूबर माह से शारजाह (UAE) के लिए सीधी इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू होने जा रही है। इसके अलावा प्रदेश में एयरपोर्ट्स की संख्या में भी लगातार विस्तार हो रहा है।” मुख्यमंत्री ने सागर में हुए मामले का जिक्र करते हुए बताया कि, “सागर में एक अपराधी का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है।”

💼 मध्य प्रदेश में हर साल दी जाएंगी 1 लाख नई नौकरियां, निवेश में अग्रणी बना राज्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश और मध्य प्रदेश का तेजी से विकास हुआ है। वैश्विक स्तर पर भारत का प्रभाव बढ़ा है और देश की आर्थिक विकास दर कई विकसित राष्ट्रों से भी बेहतर है। अटल जी के नदी जोड़ो अभियान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए केन-बेतवा और कालीसिंध-चंबल जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की सौगात मध्य प्रदेश को मिली है।

ऊर्जा के क्षेत्र में, खासतौर से हरित ऊर्जा (Green Energy) में मध्य प्रदेश सहित पूरे देश में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। युवाओं को रोजगार देने के मामले में हमने 85 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी हैं। अब हर साल करीब एक लाख नई नौकरियां दी जाएंगी। इसके अतिरिक्त ढाई लाख पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है, जिससे लगभग 1 लाख पदों पर प्रमोशन हो चुका है। मध्य प्रदेश दुनिया भर से सबसे तेज निवेश आकर्षित करने के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।”

🌟 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 18 हजार बूथों पर मनाया जाएगा दीपोत्सव

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि, “17 सितंबर से अगले एक माह तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत 17 सितंबर की शाम 7 बजे दीपोत्सव कार्यक्रम के साथ होगी। इसमें प्रदेश के करीब 18 हजार बूथों पर लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसके अलावा सभी बड़े धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

  • मेरे सपनों का भारत: प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर कार्यक्रम होंगे। इसमें चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। यह प्रतियोगिताएं स्कूल से लेकर ब्लॉक और जिला स्तर तक होंगी और विजेताओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।
  • नमो सेवा अनकही कहानी: प्रदेश के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर 10 से 15 मिनट की ‘नमो सेवा अनकही कहानी’ नामक नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद 2 अक्टूबर को विशेष समापन कार्यक्रम आयोजित होगा।
👶 प्रदेश की 97 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ियों में आयोजित होगा ‘आंगन मिलन समारोह’

अभियान के तहत प्रदेश की 97 हजार से अधिक आंगनवाड़ियों में तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन समारोह’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।

🚩 11,400 शक्ति केंद्रों पर बताई जाएगी देश में हुए ऐतिहासिक बदलावों की कहानी

मध्य प्रदेश के 11,400 शक्ति केंद्रों पर देश में पिछले वर्षों में हुए बड़े बदलावों की कहानी आम जनता को बताई जाएगी। इसके अलावा छोटी-छोटी झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 सालों के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल की उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा।

Share to...