October 13, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Guna Gas Cylinder Blast: खाना बनाते वक्त किचन में लगी आग, धमाके से सहमा पूरा इलाका, समय रहते बचा परिवार

मध्य प्रदेश के गुना जिले के बजरंगगढ़ गांव स्थित कुम्हार मोहल्ले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। राजाराम माली के घर पर अचानक एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद भीषण ब्लास्ट हो गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि गैस सिलेंडर की पाइप पुरानी और जर्जर हो चुकी थी, जिसमें हुए रिसाव के कारण यह आग भड़की और देखते ही देखते सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस खतरनाक विस्फोट की आवाज से पूरा मोहल्ला दहल उठा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

🏃‍♂️ समझदारी से बची मासूम की जान: परिवार के बाहर निकलते ही हुआ जोरदार विस्फोट

घटना के वक्त घर की एक छोटी बच्ची किचन में मौजूद थी। गनीमत यह रही कि गैस से तेज दुर्गंध और धुआं उठते ही बच्ची तुरंत किचन से बाहर आ गई और उसने अपने माता-पिता को इस बात की जानकारी दी। माता-पिता ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बिना एक पल गंवाए बच्ची को तुरंत घर से बाहर निकाला। जैसे ही पूरा परिवार घर से बाहर सुरक्षित सड़क पर आया, वैसे ही भयानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही बजरंगगढ़ थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। कुछ ही देर में गुना से फायर ब्रिगेड भी पहुँच गई, तब तक आग को बुझा लिया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया है।

🛠️ एलपीजी गैस लीक चेक करने और सुरक्षा के जरूरी उपाय
  • साबुन के पानी का परीक्षण: रेगुलेटर, वॉल्व और पाइप के जोड़ों पर पानी में साबुन या डिटर्जेंट मिलाकर लगाएं। यदि बुलबुले उठते हैं, तो समझ जाएं कि गैस लीक हो रही है।
  • गंध पहचानें: एलपीजी में विशेष केमिकल मिला होता है, जिससे सड़े अंडे या लहसुन जैसी तेज गंध आती है। ऐसी गंध आते ही सतर्क हो जाएं।
  • आवाज और लौ पर नजर: गैस चालू होने पर यदि फुसफुसाहट की आवाज आए या चूल्हे की लौ नीली के बजाय पीली, नारंगी या लाल दिखे, तो यह लीकेज का संकेत है।
  • आपातकालीन कदम: गैस लीक होने पर सबसे पहले सिलेंडर का सेफ्टी नॉब या रेगुलेटर बंद करें, बिजली के स्विच को हाथ न लगाएं, और घर के सभी दरवाजे-खिड़कियां तुरंत खोल दें।
Share to...