क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंसानों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है? इस सवाल पर एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि एआई से चीजें गलत होने की संभावना है, लेकिन सही फैसले और सही रास्ते अपनाए जाएं तो इसका खतरा काफी कम हो सकता है. अमोदेई ने एआई इंडस्ट्री से मिलकर काम करने और विकास की दिशा पर गंभीरता से ध्यान देने की बात कही है.
पूर्व रिसर्चर की चेतावनी से अमोदेई कितने सहमत?
सीएनएन के एंडरसन कूपर के साथ इंटरव्यू में डारियो अमोदेई ने कहा कि वह एंथ्रोपिक के पूर्व रिसर्चर जैकब कॉक्सन की बातों से असहमत होने के बजाय ज्यादा हद तक सहमत हैं. जैकब कॉक्सन ने हाल ही में नौकरी छोड़ने के बाद एडवांस एआई से जुड़े खतरों को लेकर सार्वजनिक चेतावनी दी थी. उन्होंने यहां तक कहा था कि दशक के अंत तक एआई मानवता के लिए जानलेवा साबित हो सकता है. अमोदेई ने कहा कि जैकब ने एंथ्रोपिक को निशाना नहीं बनाया था. उनके मुताबिक जैकब की चिंता पूरी एआई इंडस्ट्री की उस रफ्तार को लेकर थी, जिसमें कंपनियां बहुत तेजी से आगे बढ़ रही हैं.
सही रास्ता चुना तो खतरा होगा बहुत कम
डारियो अमोदेई ने कहा कि एआई से जुड़े खतरों को केवल प्रतिशत के रूप में देखना सही तरीका नहीं है. उनके मुताबिक यह कहना कि चीजें गलत होने की 10 प्रतिशत संभावना है, इसे किस्मत के खेल जैसा बना देता है. उन्होंने कहा कि यह समझना ज्यादा जरूरी है कि एआई विकास के कौन से रास्ते अच्छे नतीजों की तरफ ले जाते हैं और कौन से रास्ते खतरा बढ़ा सकते हैं. अमोदेई के मुताबिक अगर इंडस्ट्री सही फैसले लेती है तो चीजें गलत होने की संभावना बहुत कम हो सकती है. लेकिन गलत रास्ता अपनाने पर यह खतरा और ज्यादा बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि एआई इंडस्ट्री और दुनिया को मिलकर सही दिशा में काम करना होगा.
जैकब कॉक्सन की चेतावनी पर ऑल्टमैन और मस्क भी बोले
जैकब कॉक्सन ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा था कि उन्होंने एंथ्रोपिक और ओपनएआई दोनों में करीब तीन साल रिसर्च की है. उनके मुताबिक दोनों कंपनियां और दूसरी वैश्विक कंपनियां एआई सुरक्षा से ज्यादा एडवांस मॉडल बनाने की रेस में आगे निकलने पर ध्यान दे रही हैं. कॉक्सन ने कहा था कि कंपनियां सेल्फ-इंप्रूविंग सुपरइंटेलिजेंस की तरफ तेजी से बढ़ रही हैं और इससे लोगों की जिंदगी खतरे में पड़ सकती है.
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में एआई सिस्टम इंसानों से ज्यादा सक्षम हो सकते हैं, हैकिंग कर सकते हैं, कई क्षेत्रों में तेजी से बदलाव ला सकते हैं और वास्तविक ताकत व संसाधन हासिल कर सकते हैं. इस बीच ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन ने डारियो अमोदेई से सहमति जताई और एआई विकास की रफ्तार पर ध्यान देने की बात कही. एक्सएआई के मालिक एलन मस्क ने भी अमोदेई के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि डारियो सही हैं.

More Stories
Eco Friendly Ganesha 2026: न नदी न तालाब, गमले में विसर्जन! उज्जैन में गोबर के बप्पा से पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल
MP Maihar Collector Action: मैहर कलेक्टर ने बच्चों को पढ़ाया संविधान और साइंस का पाठ, अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस
MP Shahdol News Update: जबलपुर से शहडोल पहुंचे मूर्तिकार, जानें किस रंग की गणेश प्रतिमा घर लाना होगा बेहद शुभ