पटना: आज बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं जो बता रही हैं कि मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह हैं। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था भी की हैं। मतदान शाम 6 बजे तक होगा। बिहार चुनाव 2025 की मतगणना 14 नवंबर को सुबह शुरू होगी और शाम तक परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इस अंतिम चरण में 3.70 करोड़ से अधिक मतदाता अपने प्रतिनिधियों के लिए वोट डालेंगे। इस अंतिम चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर 1,302 उम्मीदवारों का भविष्य तय होगा। मतदान के लिए 45,399 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रमुख सीटों जैसे गया टाउन, बेतिया, चैनपुर, चकाई, अमरपुर, छातापुर और जमुई पर सभी की नजरें हैं, जहां कई प्रमुख मंत्री और मौजूदा विधायक अपनी सीटें बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
दूसरे चरण में 45399 मतदान केंद्र पर तीन करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 136 महिला और 1165 पुरुष प्रत्याशी और एक अन्य समेत कुल 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में बंद कर देंगे। मतदाताओं में एक करोड़ 95 लाख 44 हजार 41 पुरुष, एक करोड़ 74 लाख 68 हजार 572 महिला और 943 थर्ड जेंडर शामिल हैं। दूसरे चरण के चुनाव में सबसे अधिक 22 उम्मीदवार चैनपुर, सासाराम और गया टाउन में वहीं लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमंखी में सबसे कम पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं।
दूसरे चरण में 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी (Renu Devi) , पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद (Tarkishore Prasad), पूर्व विधान सभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी (Uday Narayan Choudhary), पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण (Jai Prakash Narayan) यादव सहित कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
मतदान से पहले पीएम मोदी की अपील “बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भागीदार बनें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के अपने नौजवान साथियों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे खुद तो मतदान करें ही, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें!”
दूसरे चरण में एनडीए (NDA) के घटक दल बीजेपी (BJP) के 53, जेडीयू (JDU) के 44, चिराग पासवान की पार्टी LJP(R) के 15, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM के 4 और जीतन राम मांझी की पार्टी HAM के 6 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। दूसरी ओर, महागठबंधन में आरजेडी 72 सीटों पर, कांग्रेस 37 सीटों पर, मुकेश सनी की वीआईपी 10 सीटों और अन्य सहयोगी दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।
इन दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
दूसरे और अंतिम चरण के चुनाव में राष्ट्रीय जनतंत्रिक गठबंधन (NDA) से जिन दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है, उनमें पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, डा. प्रेम कुमार, नीरज कुमार सिंह, लेशी सिंह, नीतीश मिश्रा, सुनील कुमार पिंटू, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, विजय कुमार मंडल,मोहम्मद जमा खान,प्रमोद कुमार, कृष्ण नंदन पासवान,कृष्ण कुमार ऋषि, शीला मंडल, महाबली सिंह, दुलालचंद गोस्वामी, श्रेयसी सिंह, राजू तिवारी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता, अनिल कुमार, हिदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी की बहू दीपा कुमारी और समधन ज्योति देवी समेत अन्य शामिल हैं।
इसी तरह महागठबंधन से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव, पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, अब्दुल जलील मस्तान,बीमा भारती, कौशल यादव, पूर्णिमा यादव,राजेश राम, अजीत शर्मा, समेत अन्य की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुयी है। इन सबके साथ ही ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान भी दूसरे दौर के चुनावी अखाड़े में जोर आजमाइश के लिए उतरे हैं।

More Stories
देवास नेवरी फाटा के पास झुग्गियों में लगी भीषण आग, नकदी भी जलकर राख
पीएम मोदी ने मन की बात में जनगणना में जन भागीदारी सहित अन्य मुद्दों पर की बात
बागेश्वर धाम जा रही यात्री बस में ग्वालियर में झांसी रोड थाने के सामने लगी भीषण आग, पुलिस की तत्परता से बचीं कई जिंदगियां