April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मौनी अमावस्या पर क्षिप्रा में स्नान पर रोक, उज्जैन कलेक्टर ने दिया यह आदेश

मध्यप्रदेश के उज्जैन में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालु इस बार भी क्षिप्रा नदी में स्नान नहीं कर सकेंगे। कलेक्टर आशीष सिंह ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए स्नान पर रोक लगा दी है। इसका आदेश भी जारी कर दिया है। इसके तहत नदी के घाटों पर पुलिस तैनात रहेगी। आदेश में कलेक्टर ने लोगों से घर में ही पूजा-अर्चना करने की बात कही है। प्रदेश भर में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है और लगातार मरीज सामने आ रहे हैं। उज्जैन में रोजाना औसत 150 से ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे हैं।

कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि 1 फरवरी मंगलवार को मौनी अमावस्या है। इस मौके पर हजारों श्रद्धालु क्षिप्रा नदी में स्नान करने आते हैं। ऐसे में लोगों के इकट्ठा होने से संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। इसी वजह से लोग घाटों पर इकट्ठे नहीं हों, इसलिए स्नान पर प्रतिबंध लगाया गया है।

कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वैरिएंट से बचाव के मद्देनजर शासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत मेलों का आयोजन व सामूहिक स्नान पर पहले से प्रतिबंध लगा हुआ है। इससे पहले मकर संक्रांति के स्नान को भी प्रतिबंधित किया गया था। रामघाट पर पुलिस के पहरे के बावजूद लोग घाटों पर पहुंचे थे, हालांकि उन्हें लौटा दिया गया था।

Share to...