April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

समय पर पहुंचनी चाहिए बारात, नहीं बजाया जाएगा डीजे, बंद होगा मृत्युभोज

अब शादी में बारात समय पर पहुंचेगी और डीजे नहीं बजाया जाएगा। रस्म पगड़ी पर केवल 100 रुपये ही दिए जाएंगे और मृत्युभोज नहीं किया जाएगा। ये फैसला बिश्नोई समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक में रविवार को लिया गया। बैठक हिसार में बिश्नोई मंदिर में बिश्नोई सभा के प्रधान प्रदीप बेनीवाल की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, डबवाली, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, टोहाना, रतिया के बिश्नाई सभा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके साथ-साथ अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के प्रतिनिधियों और गुरु जम्भेश्वर सेवक दल की फतेहाबाद सिरसा शाखा, जीव रक्षा बिश्नोई सभा, कर्मचारी कल्याण समिति तथा बिश्नोई युवा संगठन के पदाधिकारियों और समाज के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज में यह सुनिश्चित किया जाए कि विवाह में बारात समय पर पहुंचे। इसके लिए विवाह में मोबाइल डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया। साथ ही समाज में नशे की पूर्ण रूप से उन्मूलन हेतु और वैवाहिक संबंध विच्छेद और आपसी मनमुटाव को रोकने के लिए समितियां बनाई जाएगी।
बैठक में समाज में मृत्युभोज को सीमित करने का निर्णय लिया गया तथा रस्म पगड़ी पर केवल 100 रुपये ही दिए जाएंगे। इसके साथ ही यह निर्णय भी लिया गया कि समाज में इन निर्णयों की अनुपालना करवाने हेतु ग्राम स्तर पर समितियां गठित की जाएगी।

Share to...