April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

स्कूल में बच्चों को खाने में नमक-रोटी देने की खबर बनाने वाले पत्रकार पर मुक़दमा

उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर में पुलिस ने मिड डे मील में बच्चों को नमक के साथ रोटी खिलाए जाने की ख़बर देने वाले स्थानीय पत्रकार के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कर लिया है। प्रशासन का आरोप है कि पत्रकार पवन जायसवाल ने साज़िश के तहत उत्तर प्रदेश शासन को बदनाम किया है। मिर्ज़ापुर के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ज़िला अधिकारी की ओर से जांच कराए जाने के बाद पत्रकार पवन जायसवाल समेत तीन लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस आगे की जांच कर रही है। इस संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
पत्रकार पवन जायसवाल का कहना है कि मुझे मेरा काम करने के लिए निशाना बनाया जा रहा है। एफ़आईआर दर्ज होने के बाद मुझे डर लग रहा है। पवन पर आपराधिक साज़िश और धोखाधड़ी के आरोप में एफ़आईआर की गई है, हालांकि उन्हें अभी तक अपने ऊपर की गई एफ़आईआर की कॉपी नहीं मिली है।
पवन ने मिर्ज़ापुर ज़िले के ज़मालपुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय शिउर में छात्रों को मिड डे मील में नमक के साथ रोटी खाते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया था। पवन का बनाया ये वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया जिसके बाद स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।
पवन के अनुसार जिस व्यक्ति ने उन्हें स्कूल में अनियमितता की सूचना दी थी, उसे हिरासत में ले लिया गया है। मामला उजागर होने के बाद मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद से ही स्थानीय अधिकारी अपने आप को बचाने के लिए मुझे फंसा रहे हैं।

Share to...