April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

विलय हुआ तो छोड़ देंगे पार्टी: पप्पू यादव

कटिहार। मधेपुरा के राजद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि जनता परिवार के विलय के साथ ही कोसी में राजद में 2 फाड़ होना तय हो गया है। उन्होंने कहा कि विलय होने की स्थिति में वे राजद का साथ छोड़ देंगे। पप्पू यादव मंगलवार को कटिहार में युवा शक्ति द्वारा आयोजित जनसंवाद रैली को संबोधित कर रहे थे।
विलय और व्यवस्था के बहाने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का विरोध करने वाले नेता आज अपने पारिवारिक समारोह में उन्हें आमंत्रित कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने बिहार को गर्त में धकेलने का काम किया है। भ्रष्टाचार और शिक्षा के क्षेत्र में गिरावट की ओर किसी का ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि विलय होने की स्थिति में कोसी क्षेत्र में वे अपने बलबूते भी विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। पप्पू ने कहा कि लालू प्रसाद राजद में वंशवाद को बढ़ावा देकर अपने बेटे को पार्टी का उत्तराधिकारी बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विलय की जगह जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित कर कांग्रेस के साथ गठबंधन की घोषणा होने पर ही कोई बात बन सकती है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने मौका दिया तो सूबे की तस्वीर बदलने का काम किया जाएगा। कोसी में राजनीति नई करवट लेगी। मांझी के समर्थन में खुलकर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में उन पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। इसमें लालू प्रसाद की मौन स्वीकृति भी है। मांझी प्रकरण के कारण राजद से दलित और महादलित के साथ बड़ा समाज नाराज हैं।

Share to...