April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महिला T20 वर्ल्डकप में इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 11 रन से हराया, सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने की जगह पक्की

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2023 भारतीय टीम को अपने तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा हैं। लगातार दो मैचों में जीत से आगे बढ़ रही टीम इंडिया के विजयरथ को इंग्लैंड ने रोक दिया। टीम इंडिया को अपनी वर्ल्डकप में अपनी पहली हार झेलनी पड़ी है।

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपना तीसरा मैच शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेला, जिसमें 11 रनों से टीम इंडिया को हार झेलनी पड़ी। इस जीत के साथ इंग्लैंड टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीता और इंग्लैंड को पहले बैटिंग के लिए बुलाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड टीम ने 7 विकेट पर 151 रन बनाए थे। टीम के लिए नैटली सिवर-ब्रंट ने 42 बॉल पर 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली जबकि एमी जोन्स ने 27 बॉल पर 40 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए रेणुका ठाकुर ने 15 रन देकर 5 विकेट झटके।

152 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम 5 विकेट गंवाकर 140 रन ही बना सकी। टीम के लिए ओपनर स्मृति मंधाना ने 41 बॉल पर 52 रनों की पारी खेली। उनके अलावा ऋचा घोष 34 बॉल पर 47 रन बनाकर आखिर तक नाबाद रहीं, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

आखिरी ओवर में भारतीय टीम को जीत के लिए 31 रनों की जरूरत थी। तब कैथरिन सिवर-ब्रंट ने एक नो-बॉल भी डाली थी, लेकिन फ्री-हिट का फायदा भारत को नहीं मिल सका। ऋचा घोष ने आखिरी ओवर में एक छक्का और 4 चौके जमाकर कुल 19 रन निकाले। इस तरह भारतीय टीम 11 रनों से मैच हार गई।

मैच के बाद पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम 4 अंक के साथ दूसरे नंबर पर है, जबकि इंग्लैंड टीम 6 पॉइंट्स के साथ टॉप पर काबिज हैं। इंग्लिश टीम का नेट रनरेट काफी बेहतर है। भारतीय टीम को अब ग्रुप स्टेज में अपना आखिरी और चौथा मैच आयरलैंड के खिलाफ 20 फरवरी को खेलना है।

Share to...