भोपाल: मध्य प्रदेश में एक और जगह का नाम बदल दिया गया है। गुरुवार दोपहर शिवराज सरकार की तरफ से राजपत्र में अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस नोटिफिकेशन में कहा गया है कि भोपाल जिले के इस्लाम नगर गांव का नाम तत्काल प्रभाव से बदलकर जगदीशपुर कर दिया गया है।
इस्लाम नगर का नाम जगदीशपुर होने पर वहां के लोगों ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान गांव के लोगों ने आतिशबाजी की एक दूसरे को मिठाईयां खिलाई और बधाई दी। साथ ही ढोल नगाड़ों की थाप पर लोग झूमते नजर आए। कई सालों से लोगों की मांग थी की गांव का नाम इस्लामपुर बदलकर जगदीशपुर किया जाए, और कल जैसे ही मध्य प्रदेश सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया। गांव वासियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और गांव में जमकर जश्न मनाया गया।
इस स्थान का नाम बदलने के लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी।प्रदेश में लगातार कई स्थानों के नाम बदले जा रहे हैं।
इससे पहले भोपाल में हबीबगंज रेलवे स्टेशन को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन नाम दिया गया था। होशंगाबाद को नर्मदापुरम नाम दिया गया है। इसी कड़ी में अब इस्लामनगर को ‘जगदीशपुर’ नाम दिया है।
इतिहासकारों के मुताबिक इस स्थान का पुराना नाम जगदीशपुर था और 1751 ईस्वी में दोस्त मोहम्मद खान ने उसे बदलकर इस्लामनगर कर दिया था।
बता दें कि भाजपा शासित राज्यों में कई जगहों के नाम बदले गए हैं। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व हरियाणा शामिल हैं। मध्य प्रदेश में नियमानुसार 3 शहरों के नाम भी बदले गए थे। इसके अलावा कई और इलाकों के नाम बदले गए। मुख्य रूप से बिरसिंहपुर पाली का नाम 2018 में मां बिरासिनी धाम, होशंगाबाद का नाम 2021 में नर्मदापुरम और बाबई का नाम 2021 में माखननगर कर दिया गया था।

More Stories
केमिकल से पकाए जा रहे फलों पर सख्ती, FSSAI का आदेश केमिकल इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध
देश के 13 से अधिक राज्यों में भारी बारिश आंधी तूफान व 6 से अधिक राज्यो में लू चलने का अलर्ट
आगर रोड़ से खाक चौक चौराहा तक निर्माणाधीन सड़क के बीच फूलदार पौधे लगाए जाएं – संभागायुक्त सिंह