April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भारत में नहीं तो क्या पाकिस्तान में बनेगा राम मंदिर : कांग्रेस विधायक

कर्नाटक में कांग्रेस के विधायक और पूर्व मंत्री रोशन बेग ने गुरूवार को सवाल किया कि राम मंदिर भारत में नहीं बनेगा तो क्या पाकिस्तान में बनेगा? उन्होंने कहा कि मुसलमान अपने हिंदू भाइयों की भावनाओं का सम्मान करते हैं।
राम मंदिर मुद्दे पर अध्यादेश लाने के कथित प्रयास के लिए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए बेग ने पूछा कि केंद्र में भगवा पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार पिछले साढ़े 4 साल से क्या कर रही थी। उन्होंने कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में चुनाव का माहौल है और अचानक ही भाजपा राम मंदिर के बारे में बात शुरू कर दी है। 2019 में लोकसभा चुनाव होना है, इसलिए वे बात कर रहे हैं।
कांग्रेस विधायक ने सवाल किया कि जब मामला अदालत के सामने है तो वे अध्यादेश लाने के बारे में बात कर रहे हैं। पिछले साढ़े 4 साल से वे क्या कर रहे थे? उन्होंने कहा कि ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी, जीएसटी, नोटबंदी, बेरोजगारी का असर है। लोग खुश नहीं हैं, इसलिए भाजपा मंदिर का मुद्दा उठा रही है। हम इससे ऊब चुके हैं।
बेग ने कहा कि मैंने कहा था और दोहरा रहा हूं, राम मंदिर भारत में नहीं बनेगा तो क्या पाकिस्तान में बनेगा? हम अपने हिंदू भाइयों की भावनाओं का सम्मान करते हैं।
उन्होंने कहा कि बहुत हो चुका। चुनाव के पहले समाज के ध्रुवीकरण का प्रयास नहीं करें। मैं चाहता हूं कि हिंदू और मुसलमान शांति से रहें।

Share to...