April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पर्रिकर की अनुपस्थिति में गोवा में फ्रांसिस डिसूजा होंगे भाजपा के नेता

गोवा भाजपा विधायक दल ने बजट सत्र शुरू होने से पहले एक बैठक की और मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की अनुपस्थिति में पार्टी के वरिष्ठ नेता फ्रांसिस डिसूजा को सदन में अपना नेता चुना। पर्रिकर को 15 फरवरी को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनका अग्नाशय शोथ का उपचार चल रहा है। गोवा भाजपा के प्रमुख विनय तेंदुलकर ने बैठक के बाद कहा कि फ्रांसिस डिसूजा हमारे दल में अत्यंत वरिष्ठ नेता हैं। इसलिए पर्रिकर के वापस आने तक डिसूजा नेता होंगे। सोमवार से शुरू हुआ बजट सत्र पर्रिकर की बीमारी के चलते 3-4 दिन ही चलेगा।
तेंदुलकर ने कहा कि महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी से मंत्री सुदीन धावलीकर बजट पेश करेंगे जो सत्तारूढ़ गठबंधन में काफी वरिष्ठ नेता हैं। तेंदुलकर ने कहा कि बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने सदस्यों को पर्रिकर के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ हो रहे हैं और लोगों को उनके स्वास्थ्य के बारे में किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

Share to...