नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि देश में न तो कर आतंकवाद को बढ़ावा दिया जाएगा, न इसे टैक्स हैवेन ही बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग विदेशों में जमा अपनी अज्ञात संपत्ति का खुलासा करेंगे, उनके साथ सरकार नरम रुख अपनाएगी और इस दिशा में एक तर्कसंगत मार्ग अपनाया जाएगा। भारतीय उद्योग परिसंघ के वार्षिक सम्मेलन में जेटली ने मौजूदा संसद सत्र में अखिल भारतीय स्तर पर वस्तु एवं सेवा कर लागू करने से संबंधित विधेयक लाने और नौकरशाही में फैसला लेने की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए कानून में जरूरी संशोधन करने का भी वादा किया। उन्होंने साथ ही कहा कि भूमि अधिग्रहण पर पिछला कानून गांव विरोधी है।
मंत्री ने कहा कि हम टैक्स हैवेन नहीं हैं और न ही बनना चाहते हैं। भारत की स्थिति इतनी खराब नहीं है कि कर से संबंधित हर मांग को कर आतंकवाद कह दिया जाए। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय में कई विदेशी फंड और कंपनियों को कर भुगतान करने के लिए नोटिस जारी किया गया है और कई पक्ष उससे नाराजगी जता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह अघोषित विदेशी आय एवं संपत्ति याने कि कलाधन विधेयक, 2015 को गत महीने लोकसभा में पेश कर चुके हैं फिर भी इस संबंध में सुझावों का स्वागत किया जाएगा और विधेयक में आवश्यकता होने पर सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले की जा चुकी इस तरह की गतिविधि के लिए नियम पालन करने की एक सीमित अवधि की सुविधा दी जाएगी।
विधेयक में विदेशों में जमा काला धन पर 300 प्रतिशत तक के जुर्माने के साथ ही तीन से 10 साल तक के कठोर कारावास की सजा का भी प्रावधान है। विधेयक में हालांकि विदेशों में जमा काला धन वापस लाने पर कुछ नरमी का भी प्रावधान है, जिसमें ऐसे लोगों को एक निर्धारित समयावधि में अपनी ऐसी संपत्तियों की घोषणा करने पर कुछ कर अदायगी के बाद शेष राशि को अपने पास रखने की अनुमति होगी।
प्रावधानों के अनुसार, भारत से बाहर ऐसी संपत्ति की घोषणा पर 30 प्रतिशत कर और इतनी ही राशि का जुर्माना देय होगा। यानी प्रभावी कर 60 प्रतिशत होगा, जिसका अर्थ यह हुआ कि व्यक्ति को 40 प्रतिशत राशि अपने पास रखने का अधिकार होगा।
मंत्री ने कहा कि भारत अमेरिकी वैश्विक कर वंचना कानून फॉरेन एकाउंट्स टैक्स कंप्लायंस-201 पर हस्ताक्षर करने के लिए सहमत हो गया है, जिसमें नागरिकों द्वारा कर चोरी रोकने और दोनों ओर के संस्थानों द्वारा धन की हेराफेरी संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान का प्रावधान है।
न तो कर आतंकवाद को बढ़ावा दिया जाएगा: जेटली

More Stories
देश के 13 से अधिक राज्यों में भारी बारिश आंधी तूफान व 6 से अधिक राज्यो में लू चलने का अलर्ट
आगर रोड़ से खाक चौक चौराहा तक निर्माणाधीन सड़क के बीच फूलदार पौधे लगाए जाएं – संभागायुक्त सिंह
इंदौर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी की धमकियां, कारोबारियों से करोड़ों की मांग, पुलिस जाँच जारी