April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का हुआ

न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। एक बार फिर रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा को टीम से बाहर रखा गया है और उनका आराम जारी रहेगा, वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक की इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में वापसी हुई है।
बीसीसीआई की चयन समिति ने शनिवार को 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम का हिस्सा रहे लोकेश राहुल को टीम से बाहर जाना पड़ा है, वहीं तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की भी टीम में वापसी हुई है।
जडेजा.अश्विन की जोड़ी को लगातार तीसरी सीरीज में आराम देते हुए चयन समिति ने अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव को टीम में बनाए रखा है, वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में बाहर बैठे अंजिक्य रहाणे वनडे टीम में वापस आए हैं। भारत को मिडिल ऑर्डर में एक अनुभवी बल्लेबाज की जरूरत थी।
राहुल ओपनर होने के नाते मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे थे। श्रीलंका दौरे पर टीम मैनेजमेंट ने उन्हें नंबर 4 पर मौके दिए थे, लेकिन वह असफल रहे। ऐसे में चयनकर्ताओं ने कार्तिक को उनके स्थान पर चुना है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उमेश यादव को नहीं चुना गया है। उनकी जगह श्रीलंका में डेब्यू करने वाले शार्दुल ठाकुर की एक बार फिर वापसी हुई है। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई सीरीज के लिए टीम का हिस्सा नहीं थे।

Share to...