लोकसभा चुनाव 2019 में फिर सत्ता में वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक के बाद एक राज्य में चुनावी रैलियां कर रहे हैं। इस कड़ी में पीएम मोदी मंगलवार को राजस्थान के चुरू में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। पाकिस्तान में भारतीय वायुसेना के द्वारा की गई एयर स्ट्राइक के बाद प्रधानमंत्री की ये पहली रैली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुरू की रैली में कहा कि आज देश का मिजाज अलग है। उन्होंने कहा कि मैं देश को विश्वास दिलाता हूं कि देश सुरक्षित हाथों में है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में मैंने कहा था सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं झुकने दूंगा। पीएम ने कहा कि देश से बड़ा कुछ नहीं होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता को पढ़ा।
सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा।
मैं देश नहीं रुकने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा।।
मेरा वचन है भारत मां को तेरा शीश नहीं झुकने दूंगा।
सौगंध मुझे इस मिट्टी की मैं देश नहीं मिटने दूंगा : अटलबिहारी की कविता पीएम मोदी की जुबानी
उन्होंने कहा कि सोमवार को ही राष्ट्रीय युद्ध स्मारक को देश को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए दल से बढ़ा देश है, हम देश की सेवा में जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों के लिए अभी तक की सबसे बड़ी योजना लागू की है, इससे हर छोटे किसान के खाते में 6000 रुपये सालाना जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने अभी तक केंद्र सरकार को लाभार्थियों की लिस्ट नहीं भेजी इस वजह से यहां किसानों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में आयुष्मान भारत योजना का भी लाभ नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि राजस्थान की कांग्रेस सरकार उसे आगे नहीं बढ़ने दे रही है। उन्होंने कहा कि आपके एक वोट की वजह से दिल्ली में मजबूत सरकार बनी और उम्मीद है कि आपका ये वोट एक बार फिर मजबूत सरकार बनाने के लिए मौका देगा। चार दिन के भीतर मोदी का राजस्थान में दूसरी सभा है। इससे पहले उन्होंने टोंक में रैली को संबोधित किया था।

More Stories
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट
पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, नीरज चोपड़ा ने भी किया समर्थन
आबकारी इंदौर की अवैध मदिरा परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई, 55 हजार रुपये से अधिक कीमत की मदिरा और वाहन जप्त