April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

देवघर एयरपोर्ट सुरक्षा में चूक मामले में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे सहित 9 पर मामला दर्ज

झारखंड के देवघर एयरपोर्ट की सुरक्षा में चूक मामले में गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी समेत 9 लोगों के खिलाफ कुंडा पुलिस थाने में FIR दर्ज हुई है। एयरपोर्ट के डीएसपी सुमन आनन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है.  

बीते 31 अगस्त को गोड्डा से लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे, उनके बेटे कनिष्क कांत दुबे, माहिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी, मुकेश पाठक, देवता पांडेय, पिंटू तिवारी के खिलाफ देवघर एयरपोर्ट के एटीसी में जबरन प्रवेश करने और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जबरन एटीसी क्लीयरेंस लेने का आरोप लगा है।

इसके अलावा देवघर एयरपोर्ट के निदेशक संदीप ढींगरा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. एयरपोर्ट डीएसपी द्वारा की गई शिकायत के मुताबिक, 31 अगस्त की दोपहर एक बजे निशिकांत दुबे समेत 9 लोग चार्टर्ड प्लेन से देवघर आए थे. शाम में वापसी के दौरान दुबे समेत अन्य लोग जबरन एटीसी रूप में प्रवेश कर गए।

विदित हो कि देवघर एयरपोर्ट में नाइट टेक ऑफ या लैंडिंग की सुविधा नहीं है। शिकायत के मुताबिक, इन लोगों ने जबरन एटीसी में प्रवेश किया. इसके बाद क्लीयरेंस लेकर सांसद और उनके साथ के लोग चार्टर्ड प्लेन से वापस दिल्ली लौट गए।

वहीं इस मामले में निशिकांत दुबे ने कहा कि झारखंड सरकार नहीं चाहती है कि देवघर एयरपोर्ट सुचारू रूप से चले. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मालिक और देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर दी।

निशिकांत ने खुद को एडवाइजरी कमेटी का चेयरमैन बताते हुए कहा कि वो एटीसी रूम में जा सकते हैं क्योंकि वो एयरपोर्ट की एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन हैं. इसके अलावा बीजेपी सांसद मनोज तिवारी सिविल एविएशन कमेटी के मेंबर हैं. 
वहीं नाइट लैंडिंग के सवाल पर कहा कि देवघर में शाम 6.06 बजे सनसेट हुआ था और हमारा प्लेन 6.17 बजे उड़ा था.  

Share to...