April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

चंडीगढ़ रेप केस पर किरण खेर ने दी नसीहत, हो गया विवाद

चंडीगढ़ रेप मामले में बीजेपी सांसद और अभिनेत्री किरण खेर ने विवादित बयान दिया है। बच्ची को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा है कि उसे ऑटोरिक्शा में बैठना ही नहीं चाहिए था, जब उसने देखा कि उसमें 3 आदमी पहले ही बैठे हैं। हालांकि अपने बयान पर किरण खेर ने सफाई भी दी है। गौरतलब है कि 17 नवंबर को ऑटो ड्राइवर समेत 3 लोगों ने 22 साल की लड़की से गैंगरेप किया था। लड़की रात के समय 7 बजकर 45 मिनट पर क्लास करके वापस मोहाली स्थित अपने पीजी लौट रही थी। पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इस मामले पर बीजेपी सांसद किरण खेर ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब में कहा कि मैं सारी बच्चियों को कहना चाहती हूं कि अगर पहले से ही ऑटो में 3 आदमी बैठे हुए हैं तो आपको नहीं बैठना चाहिए। मैं लड़कियों की सुरक्षा के लिए यह कह रही हूं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के अपराधों को रोकने के लिए जहां लड़कों को शिक्षित किया जाना चाहिए वहीं लड़कियों को सावधान और जागरूक रहने की जरूरत है। जब हम भी कहीं बाहर जाते थे और साथ में जो भी अभिभावक छोड़ने आते थे, हम उन्हें ऑटो या टैक्सी का नंबर लिखा देते थे। मुझे लगता है कि आज के जमाने में हमें इसके लिए सतर्क होना पड़ेगा।
वहीं, किरण खेर के इस बयान की खूब निंदा हो रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल ने कहा कि मैं आश्चर्यचकित हूं कि वह इस मामले में इस तरह का बयान कैसे दे सकती हैं। इस बयान से लगता है कि वह गंभीर मामले को हल्के में ले रही हैं। उन्हें इस बारे में बात करनी चाहिए थी कि चंड़ीगढ़ को लड़कियों के लिए और सुरक्षित बनाने के लिए वह क्या पहल कर रही हैं।
बयान पर हो रहे विवाद के बाद अब किरण खेर सफाई दे रही हैं। उनका कहना है कि उनके बयान पर राजनीति की जा रही है। उनके अनुसार मैंने तो सिर्फ यह कहा था कि जमाना खराब है, बच्चियों को एहतियात बरतनी चाहिए। मेरे बयान पर राजनीति करने वालों पर लानत है।

Share to...