April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

गृह मंत्री बनने के बाद अमित शाह का कल पहला दौरा, अमरनाथ के भी दर्शन करेंगे

गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को जम्मू-कश्मीर के 2 दिनों के दौरे पर जाएंगे। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दौरा होगा। अपनी यात्रा के दौरान वे एक जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इस दौरान अमित शाह अमरनाथ तीर्थस्थल पर पूजा करेंगे और बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे।
गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार शाह वहां उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और तीर्थयात्रा के लिए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे। शाह बुधवार दोपहर तक श्रीनगर पहुंचेंगे। राज्य पुलिस को अमरनाथ यात्रा के दौरान यातायात के आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। जब तीर्थयात्री यात्रा पर निकलेंगे तो वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही पवित्र गुफा तक जाने वाले ट्रेकिंग मार्ग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार यह यात्रा 46 दिन यानि 15 अगस्त चल चलेगी। इस दौरान अनंतनाग जिले के पहलगाम ट्रैक और गांदरबल जिले के बालटाल ट्रैक पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। तीर्थयात्री अमरनाथ जाने के लिए मुख्य रूप से इन्हीं 2 मार्गों का इस्तेमाल करते है। यात्रा के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे।

Share to...