अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस हफ्ते चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करने वाले हैं. इस मुलाकात में एक अमेरिकी नागरिक की रिहाई का मुद्दा भी उठ सकता है. यह मामला अमेरिकी एक्सपर्ट यूलिन चेन से जुड़ा है, जो नवंबर 2024 से चीन की जेल में बंद हैं.
चेन की पत्नी युफांग रोंग ने मंगलवार को बताया कि व्हाइट हाउस ने उन्हें भरोसा दिया है कि ट्रंप, जिनपिंग के सामने उनके पति को रिहा करने की मांग करेंगे. रोंग को डर है कि चीन उनके पति पर जासूसी के आरोप लगाकर केस चला सकता है.
कौन हैं युफांग रोंग?
युफांग रोंग, यूलिन चेन की पत्नी हैं. उनके पति अमेरिका में काम करने वाले भूकंप वैज्ञानिक यानी सिस्मोलॉजिस्ट हैं. चेन का काम उत्तर कोरिया के अंडरग्राउंड परमाणु टेस्ट का पता लगाने से जुड़ा रहा है.
चेन 2011 में अमेरिकी नागरिक बने थे और बोस्टन इलाके में रहते हैं. उनके रिसर्च प्रोजेक्ट को अमेरिकी विदेश विभाग और अमेरिकी एयरफोर्स की रिसर्च लैबोरेटरी से फंडिंग मिली थी. रोंग का कहना है कि उनके पति की रिसर्च पब्लिक डेटा पर बेस्ड थी और उन्होंने चीनी वैज्ञानिकों के साथ मिलकर काम किया था.
नवंबर 2024 से चीन में बंद हैं चेन
यूलिन चेन को 5 नवंबर 2024 को बीजिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था. उस समय वह परिवार से मिलने और दो यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के बाद अमेरिका लौट रहे थे.
रोंग के मुताबिक, उनके पति से 100 से ज्यादा बार पूछताछ की जा चुकी है. अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों को महीने में करीब एक बार उनसे मिलने की परमिशन मिलती है. ये मुलाकातें भी चीनी अधिकारियों की मौजूदगी में होती हैं.
रोंग ने कहा कि उन्हें चेन की मेडिकल सुविधा और खाने को लेकर भी चिंता है. उनके मुताबिक, चेन को हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की समस्या है.
ट्रंप से क्यों है उम्मीद?
चेन उन दो अमेरिकी नागरिकों में शामिल हैं, जिन्हें अमेरिका गलत तरीके से हिरासत में लिया गया मानता है. दूसरा मामला मिन जिन का है, जिन्हें जून में गिरफ्तार किया गया था. रोंग ने बताया कि मंगलवार को व्हाइट हाउस में स्टेट डिपार्टमेंट और नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के अधिकारियों के साथ उनकी मीटिंग हुई. इस दौरान उन्हें बताया गया कि ट्रंप जिनपिंग के सामने चेन की रिहाई का मुद्दा उठाएंगे.
रोंग के मुताबिक, ट्रंप मई में चीन दौरे के दौरान भी जिनपिंग के सामने उनके पति का मामला उठा चुके हैं, लेकिन उस समय कोई नतीजा नहीं निकला. रोंग ने कहा कि अगर उन्हें अपने पति से मिलने का मौका मिला तो वह उनसे सिर्फ इतना कहेंगी “मजबूत बने रहो. उम्मीद बनाए रखो. बहुत से लोग तुम्हारी मदद कर रहे हैं. तुम जरूर वापस आओगे.”

More Stories
Cross Border Conflict News: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव गहराया, संयुक्त राष्ट्र मिशन ने जताई चिंता
Indian High Commission Warning Malaysia: वीजा-फ्री सुविधा का फायदा उठाकर मलेशिया जा रहे लोग, फर्जी जॉब ऑफर्स से सावधान
Sri Lanka Drought Crisis: श्रीलंका में सूखे से गंभीर हालात, बारिश के लिए वायुसेना के विमान से बौद्ध भिक्षुओं ने की प्रार्थना