पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान में हवाई हमला किया है. गुरुवार तड़के पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कंधार, खोस्त और पक्तिया प्रांतों में 10 ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया. अफगान तालिबान सरकार के मुताबिक, इन हमलों में चार आम नागरिकों की मौत हुई है. अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे अफगानिस्तान के खिलाफ आक्रामक हमला बताया. उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान पाकिस्तान की इस कार्रवाई का उचित जवाब देगा.
पाकिस्तान का दावा है कि अफगान तालिबान बलों ने एक दिन पहले उसके सीमा सुरक्षा ठिकानों पर आठ ड्रोन से हमला किया था. पाकिस्तान ने यह भी कहा कि अफगान सीमा बलों ने पाकिस्तानी बॉर्डर पोस्ट पर मोर्टार और भारी हथियारों से फायरिंग की. हालांकि, काबुल ने पाकिस्तान के ड्रोन हमले के आरोपों को खारिज कर दिया है. अफगान सरकार का कहना है कि पाकिस्तान अपने सैन्य अभियानों को सही ठहराने के लिए ऐसे आरोप लगा रहा है.
लगातार दूसरे बड़े हमले से बढ़ा तनाव
यह कुछ ही दिनों में अफगानिस्तान पर पाकिस्तान की दूसरी बड़ी हवाई कार्रवाई है. सोमवार को भी पाकिस्तान ने पूर्वी अफगानिस्तान में हमले किए थे. पाकिस्तान ने उस कार्रवाई में आतंकियों को निशाना बनाने का दावा किया था, जबकि अफगान अधिकारियों ने तीन नागरिकों की मौत और चार लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी. संयुक्त राष्ट्र के अफगानिस्तान मिशन ने भी उस हमले में नागरिकों के हताहत होने की पुष्टि की थी.
काबुल का संदेश- पड़ोसी देश के तौर पर संबंध रखें
अफगानिस्तान का कहना है कि सीमा विवाद और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का समाधान सैन्य हमलों के बजाय बातचीत और कूटनीतिक माध्यम से होना चाहिए. पूर्व अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई ने भी पाकिस्तान से अच्छे पड़ोसी के संबंधों का रास्ता अपनाने और दोनों देशों के बीच संबंधों को शांतिपूर्ण एवं सभ्य तरीके से आगे बढ़ाने की अपील की है. अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच चीन, तुर्की, कतर और सऊदी अरब की ओर से मध्यस्थता की कोशिशें भी चल रही हैं. ऐसे में लगातार हो रहे सीमा पार हमलों से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है.

More Stories
US China Relations News: चीनी जेल में बंद अमेरिकी नागरिक यूलिन चेन का मामला, ट्रंप कर सकते हैं शी जिनपिंग से बात
Indian High Commission Warning Malaysia: वीजा-फ्री सुविधा का फायदा उठाकर मलेशिया जा रहे लोग, फर्जी जॉब ऑफर्स से सावधान
Sri Lanka Drought Crisis: श्रीलंका में सूखे से गंभीर हालात, बारिश के लिए वायुसेना के विमान से बौद्ध भिक्षुओं ने की प्रार्थना