उज्जैन: जिला कोर्ट अभिभाषक संघ ने दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किए जाने के खिलाफ पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
बुधवार को संघ के अध्यक्ष ओम सरवन की अगुवाई में वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचा और एएसपी नितेश भार्गव को ज्ञापन सौंपते हुए विरोध दर्ज कराया।
वकीलों ने ज्ञापन में कहा कि शहर में इस समय सिंहस्थ मेले की तैयारियों को देखते हुए सड़कों का चौड़ीकरण, सिवरेज लाइन का काम और अन्य निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। जगह-जगह सड़कें खुदी हुई हैं, ट्रैफिक व्यवस्था अस्त-व्यस्त है और कई सिग्नल बंद पड़े हैं। ऐसे हालात में पुलिस द्वारा दोपहिया चालकों को हेलमेट न पहनने पर रोका जाना और जुर्माना किया जाना आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
अभिभाषक संघ ने कहा कि पुलिस को इस समय शहर के भीतर की बजाय बाहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक अभियान चलाना चाहिए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। संघ ने यह भी मांग की कि जब तक सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य नहीं होती, तब तक हेलमेट अभियान पर रोक लगाई जाए।
एएसपी नितेश भार्गव ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर उचित निर्णय लिया जाएगा।

More Stories
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के अंतर्गत काल भैरव, अंगारेश्वर मंदिर विस्तारीकरण एवं हरसिद्धि मंदिर-रामघाट मार्ग चौड़ीकरण कार्य का स्थल निरीक्षण किया
देवास नेवरी फाटा के पास झुग्गियों में लगी भीषण आग, नकदी भी जलकर राख
पीएम मोदी ने मन की बात में जनगणना में जन भागीदारी सहित अन्य मुद्दों पर की बात