May 16, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

आंध्रप्रदेश में दर्दनाक हादसा, बस और ट्रक की भिड़ंत के बस में लगी भीषण आग, जिंदा जलने से 13 लोगो की मौत, कई गंभीर घायल

आंध्रप्रदेश: आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में आज एक बड़ा ही दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक ट्रैवल बस और टिपर ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई, जिसमें 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
हादसे में कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। मरने वालों में बस का ड्राइवर भी शामिल है। आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

मार्कापुरम जिले के रायवरम के पास पत्थर की खदानों के निकट एक निजी ट्रैवल बस और टिपर ट्रक की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर लगते ही बस में आग लग गई। यात्री जान बचाने के लिए बस से कूदकर भागने लगे।

आग काफी तेजी से भड़क उठी और पूरे बस को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें कम से कम 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। घायल यात्रियों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। आग तेजी से फैलने के कारण बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई, जिससे कई यात्रियों को बच निकलने का बहुत कम मौका मिला।

अभी तक बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है, क्योंकि कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा देर रात हुआ, ऐसे में अंधेरी की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में भी देरी हुई और स्थानीय लोगों की मदद भी नहीं मिल पाई।

घटना बुधवार रात लगभग 1:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी। तभी अचानक बस का दाहिना टायर फट गया और बस असंतुलित हो गई। नियंत्रण खोने के बाद बस डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से भिड़ गई। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दोनों वाहनों के ड्राइवरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा हैं। जिसके बाद शव परिजनों को सौप दिए जाएंगे। वही हादसे में घायलो का उपचार जारी है जिसमे कई लोगो की हालत गंभीर बनी हुई हैं। पुलिस मामले की जाँच कर रही हैं।

Share to...