May 16, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महापौर भार्गव हर शुक्रवार दोपहिया वाहन से करेंगे कार्य, नागरिकों से सप्ताह में एक दिन कार को विश्राम देने का आह्वान

इंदौर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से सप्ताह में एक दिन निजी कार के उपयोग को कम करने की अपील का प्रभाव अब देशभर में दिखाई देने लगा है। इस राष्ट्रीय आह्वान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में पुष्यमित्र भार्गव ने एक प्रेरक पहल की है।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने घोषणा की है कि वे प्रत्येक शुक्रवार अपनी सरकारी कार का उपयोग नहीं करेंगे। इसके स्थान पर वे दोपहिया वाहन से घर से निकलकर नगर निगम के प्रशासनिक कार्य, निरीक्षण, जनसंपर्क और दैनिक जिम्मेदारियों का( विशेष परिस्थितियों को छोड़ कर) निर्वहन करेंगे। इस संकल्प की शुरुआत करते हुए उन्होंने आज पूरे दिन दोपहिया वाहन से शहर का भ्रमण किया और निर्धारित कार्यों को संपन्न किया।

महापौर ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में कम से कम एक दिन अपनी कार को विश्राम देकर दोपहिया वाहन, साइकिल अथवा सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करे, तो इससे पेट्रोल-डीजल की बड़ी मात्रा में बचत होगी, प्रदूषण में कमी आएगी और यातायात का दबाव भी घटेगा। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करेगी।

उन्होंने इंदौरवासियों से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस संदेश को केवल व्यक्तिगत आदत न मानें, बल्कि इसे शहरव्यापी जनभागीदारी अभियान के रूप में अपनाएँ। महापौर ने कहा कि इंदौर की पहचान केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है यह शहर जनसहभागिता और नवाचार के माध्यम से राष्ट्रीय अभियानों को जनआंदोलन में बदलने की क्षमता रखता है।

महापौर ने यह भी स्मरण कराया कि इंदौर में उनके नेतृत्व में चलाए गए विभिन्न जनअभियानों में नागरिकों ने सदैव उत्साहपूर्वक भागीदारी की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान में भी शहरवासी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और सप्ताह में कम से कम एक दिन कार का उपयोग न कर देशहित, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के इस संकल्प को सफल बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि यदि इंदौरवासी इस पहल को अपनाते हैं, तो स्वच्छता में लगातार देश का अग्रणी शहर रहा इंदौर ऊर्जा संरक्षण और सतत जीवनशैली के क्षेत्र में भी पूरे देश के लिए एक नया आदर्श स्थापित करेगा।

Share to...