November 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Traffic Jam NH 43 Rain Mud Updates: बारिश के बाद कीचड़ व फिसलन से थमी रफ्तार, निर्माण की समय सीमा पर उठे सवाल

उमरिया: नेशनल हाईवे-43 विंध्य क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो रहा है। करीब 11 वर्षों से इसका निर्माण चल रहा है। फिलहाल ये हाईवे चौड़ीकरण की प्रक्रिया से गुजर रहा है। बारिश के कारण हाईवे कीचड़ में तब्दील हो गया है। शुक्रवार रात हुई बारिश ने सड़क की हालत और बिगाड़ दी। निर्माणाधीन हिस्सों में जगह-जगह कीचड़ जमा हो गया। इस कारण कीचड़ में कई वाहन फंस गए और मोर्चा फाटक के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई।

🚦 रात से लगा जाम अगले दिन तक लगा रहा

हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई। बारिश के कारण निर्माणाधीन सड़क पर मिट्टी और कीचड़ फैल गया। दोपहिया वाहनों से लेकर चारपहिया और भारी वाहन चालकों को निकालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात से शुरू हुई जाम की स्थिति रुक-रुक कर शनिवार तक बनी रही। वाहन चालकों को घंटों सड़क पर इंतजार करना पड़ा। यात्री बसों के संचालन पर भी असर देखने को मिला।

🚌 कई वाहन फंसे, कई वापस लौट गए

शहडोल से पाली की ओर आने वाली बसें बीच रास्ते से लौट गईं। शहडोल-उमरिया मार्ग का निर्माण और चौड़ीकरण कार्य लगभग 11 वर्षों से चल रहा है। इतने लंबे समय बाद भी सड़क के कई हिस्सों में निर्माण संबंधित परेशानियां यात्रियों के सामने आ रही हैं। बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन जाना, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल, समय सीमा और निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और नियमित यात्रियों के लिए यह समस्या नई नहीं है। आए दिन इस मार्ग पर हादसे भी होते हैं।

🚗 मोर्चा फाटक के पास फंसे वाहन

शनिवार सुबह मोर्चा फाटक के पास भीषण जाम रहा। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बसों, ट्रकों, कारों और अन्य वाहनों के फंसने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। जिन्हें जरूरी काम से उमरिया, पाली और शहडोल पहुंचना था, वे लोग भारी परेशान दिखे। कई लोग रास्ते से ही वापस लौट गए। लेकिन कई लोग ऐसे थे जो जाम में बीचोंबीच फंसे रहे।

👮‍♂️ पुलिस का बयान

घुनघुटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह का कहना है, “पूरी रात रुक-रुककर जाम लगता रहा। पुलिस टीम बीच-बीच में मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाती रही, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने और सड़क की स्थिति खराब होने से बार-बार जाम की समस्या बनती रही। फिलहाल वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। यातायात सुचारु करने का प्रयास जारी है।”

Share to...