April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सागर के ढाना रेंज के हिलगन जंगल में मिला टाइगर का शव, ग्रामीणों की उमड़ी भीड़

सागर: सागर जिले के ढाना रेंज अंतर्गत आने वाले हिलगन गांव के समीप जंगल में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक बाघ (टाइगर) का शव पड़ा हुआ देखा। रिहायशी इलाके के नजदीक जंगल में बाघ की मौत की खबर आग की तरह फैली, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर
जमा हो गए।

जंगल में बाघ का शव मिलने के बाद ग्रामीणों में उसे करीब से देखने की होड़ मच गई। सुरक्षा की परवाह किए बगैर लोग शव के बेहद नजदीक पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीणों ने मोबाइल से बाघ के शव के वीडियो बनाए, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वायरल वीडियो में ग्रामीण शव के पास खड़े होकर चर्चा करते और बाघ की स्थिति देखते नजर आ रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वन अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। बाघ की मौत प्राकृतिक है या इसके पीछे कोई अन्य कारण जैसे आपसी संघर्ष या शिकार है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे मृत वन्यजीव के पास न जाएं और न ही साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करें। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Share to...