लखनऊ: उत्तरप्रदेश में पड़ रही कड़ाके की सर्दी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। सीएम योगी ने प्रदेश में 12वीं तक के सभी स्कूलों को एक जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
सभी जिलों के अफसरों को आदेश जारी करते हुए सीएम योगी ने कहा है कि यूपी में इन दिनों भीषण शीतलहर चल रही है। इसको देखते हुए ICSE, CBSE, UP बोर्ड के सभी स्कूलों को एक जनवरी तक बंद रखा जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के इस आदेश के आधार पर अब 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक प्रदेश में सभी परिषदीय प्राथमिक विद्यालय से लेकर सहायता प्राप्त विद्यालय एवं सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। लखनऊ समेत कई जिलों के जिलाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आदेश के बाद सभी जिलों को स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने शासन और प्रशासन के आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर जमीनी हकीकत का जायजा लें। सीएम ने कहा कि भीषण ठंड को देखते हुए हर जिले के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भीषण शीतलहर के दौरान गरीबों और जरूरतमंदों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को ठंड में परेशानी न हो, इसके लिए प्रदेश की डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शीतलहर से बचाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में कंबल और ऊनी वस्त्र वितरण, रैन बसेरों के संचालन और अलाव की व्यवस्था के लिए पर्याप्त धनराशि जारी कर दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जरूरतमंदों तक हर हाल में राहत पहुंचे। मुख्यमंत्री रविवार शाम रैन बेसरों के निरीक्षण के बाद मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के करीब 40 जिलों में अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात व नगर, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर में कोहरा इतना घना होगा कि विजिबिलिटी शून्य के करीब रह सकती है। इसके साथ ही पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी कोहरे का जबरदस्त असर दिखेगा।
प्रदेश के कई शहरों में ‘शीत दिवस’ स्थिति बनी रहेगी। प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, आगरा, मुरादाबाद, बरेली और पीलीभीत सहित आसपास के इलाकों में दिन भर गलन बरकरार रहेगा।
कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान मेरठ 6.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जबकि हरदोई और शाहजहांपुर में दिन का अधिकतम तापमान मात्र 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात के समय मेरठ के बाद इटावा (7.4 डिग्री सेल्सियस), मुजफ्फरनगर (7.8 डिग्री सेल्सियस), प्रयागराज, बाराबंकी और झांसी (8.0 डिग्री सेल्सियस) सबसे ठंडे जनपद रहे। वहीं, दिन के तापमान में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है। हरदोई और शाहजहांपुर के अलावा वाराणसी और गाजीपुर में दिन का पारा मात्र 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 9 डिग्री तक कम है। कानपुर नगर (14.3 डिग्री सेल्सियस), आजमगढ़ (14.2 डिग्री सेल्सियस) और गोरखपुर (14.5 डिग्री सेल्सियस) में भी सूरज न निकलने के कारण अति शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रही।

More Stories
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट