April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मौसम विभाग ने देश के 9 राज्यों में तेज बारिश, आंधी का जारी किया अलर्ट

नईदिल्ली: देशभर में लगातार मौसम अपने रंग बदल रहा हैं। कही गर्मी तो कही बारिश व ठंड लोगो को परेशान कर रही हैं। लगातार बदलता मौसम लोगो को बीमार भी कर रहा हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने साफ चेतावनी दी है कि 21 फरवरी से अगले चार दिनों तक कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ सकता है।

यह सिस्टम दक्षिण भारत से शुरुआत करेगा और धीरे-धीरे मध्य और पूर्वी हिस्सों तक असर दिखाएगा। IMD के मुताबिक यह मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम है, जो भारी बारिश और तेज हवाओं का कारण बन सकता है। दक्षिण और तटीय इलाकों में इसका असर ज्यादा रहेगा। बिजली गिरने और समुद्री उथल-पुथल का खतरा भी बना रहेगा। यानी देश में एक साथ दो तरह का मौसम नजर आएगा। कहीं छतरी और रेनकोट की जरूरत पड़ेगी, तो कहीं पंखा चलाने का मन करेगा।

किन 9 राज्यों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 16 से 48 घंटों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, केरल, अंडमान-निकोबार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और कर्नाटक में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। तमिलनाडु और दक्षिण केरल में भारी बारिश का अलर्ट है। कर्नाटक के दक्षिणी हिस्सों और तटीय इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 23 और 24 फरवरी को असर ज्यादा दिखेगा। वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी लौट सकती है।

जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। देर रात से एक नया सिस्टम दस्तक दे सकता है, जिससे 22 फरवरी के आसपास हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी संभव है। श्रीनगर में तापमान माइनस 5 डिग्री तक लुढ़क चुका है और दिन का अधिकतम 18 डिग्री के आसपास रह सकता है। शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे इलाकों में फिसलन बढ़ सकती है। यात्रियों को निकलने से पहले स्थानीय अलर्ट जरूर देखना चाहिए।

राजधानी में बारिश की संभावना नहीं है। हल्की हवा, सुबह धुंध और दिन में साफ आसमान का सिलसिला जारी रहेगा। अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 12 से 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। अगले सात दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालांकि मौसम साफ है, लेकिन प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को दिल्ली का औसत AQI 208 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। नमी का स्तर 100 प्रतिशत तक पहुंचा।

उत्तर प्रदेश में दिन सुहावना रहेगा, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा कई जिलों में दृश्यता घटा सकता है। कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर और प्रयागराज जैसे इलाकों में सावधानी जरूरी है।

बिहार और झारखंड में दोपहर की धूप तापमान बढ़ाएगी, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी। पटना और दरभंगा जैसे शहरों में तापमान में उतार-चढ़ाव दिखेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सर्दी पूरी तरह गई नहीं है, इसलिए गर्म कपड़े एकदम से अलमारी में बंद न करें।

तमिलनाडु में 21 फरवरी से मौसम का मिजाज पूरी तरह पलट सकता है। चेन्नई और मदुरै समेत दक्षिणी तटीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। हवाएं 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती हैं।

मछुआरों को दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, गल्फ ऑफ मन्नार और कोमोरिन क्षेत्र में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा।

गुजरात और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। अहमदाबाद में पारा 33 डिग्री पार कर सकता है और सप्ताहांत तक 37 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में दोपहर की धूप अब तेज लगने लगी है। यह बदलाव प्री-समर ट्रांजिशन का संकेत है। यानी मार्च में गर्मी की चाल और तेज हो सकती है।

किसानों को सलाह दी गई है कि कटाई और सिंचाई का काम मौसम अपडेट देखकर करें। तेज हवा और बारिश खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा सकती है। पहाड़ी इलाकों में जाने वाले पर्यटक बर्फ और फिसलन को हल्के में न लें। सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं।

फिलहाल देश एक मौसमीय मोड़ पर खड़ा है। दक्षिण में बादलों का ड्रम बज रहा है, उत्तर में धूप की चादर फैल रही है। आने वाले चार दिन तय करेंगे कि फरवरी का अंत छतरी के साथ होगा या चश्मे और टोपी के साथ।

Share to...