नईदिल्ली: अगर आप भी स्मॉल सेविंग स्कीम जैसे पीपीएफ, सुकन्या समृद्ध या फिर पोस्ट ऑफिस एफडी आदि में निवेश करते हैं तो यह खबर आपके काम की है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में वित्त मंत्रालय की तरफ से की जाने वाली समीक्षा में ब्याज दर कम किये जाने की उम्मीद जताई जा रही थी।
यह उम्मीद इसलिए थी क्योंकि पिछले एक साल के दौरान आरबीआई की तरफ से रेपो रेट में 125 बेसिस प्वाइंट की कटौती की गई थी, लेकिन सरकार की तरफ से पिछले दिनों घोषणा की गई कि स्मॉल सेविंग स्कीम (Small Savings Schemes) की ब्याज दरें को FY 2025-26 की चौथी तिमाही में नहीं बदला जाएगा।
31 मार्च 2026 तक किसी तरह का बदलाव नहीं
जी हां, वित्त मंत्रालय की तरफ से लिये गए फैसले में साफ कहा गया कि 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 के लिये ब्याज दर में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। फाइनेंस मिनिस्ट्री की नोटिफिकेशन के अनुसार अक्टूबर-दिसंबर 2025 वाली दरें ही जारी रहेंगी। सरकार की तरफ से लिया गया यह फैसला मिडिल क्लास और लोअर मिडिल क्लास को ज्यादा राहत देने वाला है। आपको बता दें बेटियों के लिए सबसे पसंदीदा स्कीम सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) की ब्याज दर 8.2% पर ही बरकरार रहेगी।
इसी तरह पीपीएफ (PPF) पर ब्याज दर 7.1% की रहेगी। यह इनवेस्टमेंट भी टैक्स-फ्री, सिक्योर और 15 साल के लॉक-इन पीरियड वाली स्कीम है। 80C के तहत आने वाली यह योजना भी अच्छा रिटर्न देती है। सिंपल पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट पर ब्याज 4% की दर से मिल रहा है। यह सबसे सिक्योर लेकिन सबसे कम रिटर्न वाली स्कीम है। किसान विकास पत्र पर 7.5% ब्याज मिलेगा और मैच्योरिटी 115 महीनों (करीब 9.5 साल) में होगी।
नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) की ब्याज दर 7.7% पर बनी रहेगी। यह स्कीम 5 साल तक निवेश करने वाली है और इसमें 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है। पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) पर 7.4% का ब्याज दिया जा रहा है। यह रिटायरमेंट वालों के लिए अच्छा ऑप्शन है क्योंकि इसमें हर महीने फिक्स्ड इनकम मिलती हैं। सरकार की तरफ से आखिरी बार कुछ योजनाओं की ब्याज दर में 2023-24 की चौथी तिमाही में बदलाव किया गया था। इसके बाद से ब्याज दर लगातार एक ही दर पर बनी हुई हैं। सरकार की तरफ से इनका हर तिमाही रिव्यू किया जाता है।
स्मॉल सेविंग स्कीम को सरकार की तरफ से चलाया जाता है। इन स्कीम में पोस्ट ऑफिस और बैंकों के जरिये निवेश किया जा सकता है। इनका मकसद आम लोगों में सेविंग को बढ़ावा देना है। पीपीएफ (PPF), SSY, NSC, SCSS, POMIS, टाइम डिपॉजिट, रिकरिंग डिपॉजिट जैसी स्कीम्स शामिल हैं। इन्हें पूरी तरह से सिक्योर माना जाता है और सरकारी गारंटी होती है।

More Stories
यूपी एटीएस ने बड़ी आतंकी साजिश का किया भंडाफोड़, 2 युवकों को किया गिरफ्तार
मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई, SIT–STF ने भोपाल में सक्रिय नेटवर्क का किया पर्दाफाश
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर