मंडला:- मंडला जिले में प्रशासन ने पटाखा गोदामों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गोदामों को सील कर दिया है। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम चटुआमार और बिनेका में आकस्मिक निरीक्षण किया, जहां गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विस्फोटक नियमों के उल्लंघन और स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोदामों को सील कर दिया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम और थाना प्रभारी शफीक खान की मौजूदगी में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम चटुआमार और ग्राम बिनेका स्थित पटाखा गोदामों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोदामों में रखे पटाखों के स्टॉक, सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों की जांच की। जांच में पाया गया कि ग्राम चटुआमार स्थित लाइसेंसधारी मुकेश रहदवानी और ग्राम बिनेका स्थित लाइसेंसधारी दिनेश पमनानी के गोदामों में भौतिक स्टॉक और स्टॉक रजिस्टर में भारी अंतर था। अधिकारियों के मुताबिक यह विस्फोटक नियम 2008 और लाइसेंस की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है। जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मौके पर ही दोनों गोदामों को सील कर दिया और संबंधित लाइसेंसधारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम ने कहा कि जिले में पटाखा गोदामों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण की लगातार निगरानी की जा रही है और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं थाना प्रभारी शफीक खान ने कहा कि जन सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने सभी पटाखा लाइसेंसधारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे विस्फोटक नियमों और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

More Stories
पंचायत एवं नगरीय निकायों की मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिये प्रेक्षक नियुक्त
मानसून पूर्व तैयारियों की कलेक्टर शिवम वर्मा ने की समीक्षा, अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश
सासाराम से पटना जा रही ट्रेन की बोगी में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप, घटना की जांच जारी